हरियाणा की सियासत में बयानों के तीर तो अक्सर चलते हैं, लेकिन इस बार एक ऐसा अनोखा बयान आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के विधायक और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पोते अर्जुन चौटाला ने खुद को ‘कॉकरोचों का पहला विधायक’ घोषित कर दिया है. सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का समर्थन करते हुए अर्जुन चौटाला ने देश के युवाओं की आवाज बुलंद की है. उन्होंने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) के एक कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि देश के युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहना पूरी तरह से गलत और अपमानजनक है.
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने मीडिया से बात करते हुए साफ कहा, ‘एक जनप्रतिनिधि होने के नाते, मैं अपने उन सभी युवाओं और कॉकरोच भाइयों के साथ खड़ा हूं, जिन्हें इस व्यवस्था ने दरकिनार कर दिया है. इस नाते मैं उनका पहला ‘कॉकरोच विधायक’ हूं.’ अर्जुन चौटाला ने आगे कहा कि कॉकरोच इस दुनिया में इंसानों से बहुत पहले आए थे और यह भी तय है कि दुनिया के खत्म होने तक वे जिंदा रहेंगे. उन्हें कम आंकना इतिहास और उनकी क्षमता को न समझना है.
देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर तंज कसते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि न्यायाधीश का मतलब ही उस शख्स से है जो सभी पक्षों को बिना किसी भेदभाव के समान रूप से देखता है और सिर्फ तथ्यों पर बात करता है. उन्होंने कहा कि चीफ जस्टिस का बयान ऐसा महसूस कराता है कि मानों देश में युवाओं को सवाल पूछने की आजादी ही नहीं है.
दरअसल, अर्जुन चौटाला का यह बयान उस सोशल मीडिया मूवमेंट के बाद आया है, जो इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है. इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नाम से एक व्यंग्यात्मक और मीम-आधारित डिजिटल अभियान शुरू हुआ है, जो देखते ही देखते करोड़ों युवाओं का पसंदीदा पेज बन गया है. देश में बेरोजगारी, पेपर लीक और ठप्प पड़े सिस्टम पर तंज कसने वाले इस पेज ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है.
इसके पीछे महाराष्ट्र के रहने वाले अभिजीत दीपके का दिमाग है, जो अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर डिग्री धारक हैं. अभिजीत पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के प्रमुख वॉलंटियर रह चुके हैं. अभिजीत ने बताया कि उनकी लोकप्रियता से डरकर उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिशें भी की जा रही हैं.
सोशल मीडिया पर सीजेपी की लोकप्रियता का ग्राफ किसी भी मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टी को चौंका सकता है. इंस्टाग्राम पर सीजेपी के फॉलोअर्स का आंकड़ा 10.8 मिलियन (1 करोड़ से ज्यादा) पार कर चुका है, जबकि सत्ताधारी भाजपा के 8.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं. सीजेपी के मुताबिक, इस पार्टी से जुड़ने के लिए युवा का बेरोजगार, आलसी और 24 घंटे ऑनलाइन रहकर भड़ास निकालने में एक्सपर्ट होना जरूरी है.
हालांकि, विवाद बढ़ता देख चीफ जस्टिस ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया है. वह केवल उन लोगों की बात कर रहे थे जो ‘फर्जी डिग्रियों’ के सहारे वकालत के पेशे में घुसते हैं. लेकिन तब तक यह अभियान सोशल मीडिया पर युवाओं और अर्जुन चौटाला जैसे नेताओं का हथियार बन चुका था.
इधर, रोहतक में कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘मैं भी हूं कॉकरोच’ के बैनर थे। रेवाड़ी में कुछ संगठनों ने कॉकरोच नाम से सोशल मीडिया ग्रुप बनाकर उनमें जॉइनिंग शुरू कराई है।
