हरियाणा सरकार की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना (DDLLYP) का एप आज पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से लॉन्च किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच पर उपस्थित महिलाओं का दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन किया और बताया कि नवरात्रि की पावन वेला और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के जन्मदिन के अवसर पर यह ऐतिहासिक एप लॉन्च हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एप के लॉन्च होते ही 50 हजार महिलाओं ने एप डाउनलोड किया और 8 हजार ने पंजीकरण करवा लिया है। पंजीकरण में किसी भी दिक्कत के लिए उन्होंने दो टोल-फ्री नंबर भी जारी किए हैं, ताकि हरियाणा की कोई भी महिला फॉर्म अप्लाई में परेशानी न महसूस करे।
इस योजना के माध्यम से महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए सीधे उनके खाते में मिलेंगे। एप से योजना को पारदर्शी और सहज बनाने का लक्ष्य है, जिससे हरियाणा की महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके।

