Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में BJP के सदस्यता ग्रहण अभियान का आगाज करेंगे CM सैनी: 8 नवंबर से 3 दिन तक चलेगा कैंपेन

हरियाणा में 50 लाख सदस्य बनाने में जुटी BJP आठ नवंबर से अपना 3 दिवसीय सघन सदस्यता अभियान शुरू करेगी। 8, 9 और 10 नवंबर को चलने वाले इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सैनी के सदस्यता ग्रहण से होगी।

8 नवंबर की सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां नायब सैनी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सघन सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, अभियान के संयोजक वेदपाल एडवोकेट सहित अनेक नेता मौजूद रहेंगे।

बता दें कि, प्रदेशभर में जिला स्तर और मंडल स्तर पर लगभग 350 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी है और अब तक 4 लाख से अधिक सदस्य प्रदेशभर में बनाए जा चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल ने बताया कि प्रदेश में भाजपा का सदस्य बनने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है और कार्यकर्ता भी पूरी लगन से अपने-अपने बूथों पर सदस्य बनाने में जुटे हैं।

सदस्यता अभियान के लिए हर सांसद और विधायक को टारगेट दिया गया है। सांसद को 30 हजार सदस्य और विधायक को 20 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि जिस तरह का जोश सदस्यता अभियान को लेकर लोगों में देखने को मिल रहा है, उससे निर्धारित समय में प्रदेश में पार्टी 50 लाख सदस्य बनाने में कामयाब होगी।

प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल ने कहा है कि इस अभियान से भाजपा जमीनी स्तर पर ऐतिहासिक रूप से मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं और हर बूथ पर 250 सदस्य बनाने का टारगेट पूरा करने के लिए कार्यकर्ता दिन रात लगे हुए हैं।

Exit mobile version