Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पूर्व वित्तमंत्री के घर पहुंचे CM सैनी: कैप्टन अभिमन्यु की माता को दी श्रद्धांजलि; बोले..

रोहतक में पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की माता परमेश्वरी देवी के निधन पर शोक प्रकट करने के लिए सीएम नायब सिंह सैनी पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोक संतप्त परिवार का ढांढस बंधाते हुए मां के नाम त्रिवेणी (बरगद, नीम और पीपल के पेड़) को रोपित किया।

पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की मां परमेश्वरी देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। जिनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव खांडा खेड़ी स्थित मित्र स्तंभ के पास किया गया। उनके निधन पर शोक प्रकट करने के लिए दो दिन से रोजाना हरियाणा सरकार के मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक पहुंच रहे हैं।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि माता परमेश्वरी देवी ने समाज के लिए और आम लोगों के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन लगाया। परमेश्वरी देवी एक धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थी। उन्होंने परिवार को एकजुटता से आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया और समाज के लिए भी अच्छा काम किया। आज वो हमारे बीच नहीं है, परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि माता परमेश्वरी देवी के जीवन से हमेशा प्रेरणा ही मिली है। मां तो मां होती है, उसका कोई विकल्प नहीं होता। आज हमारे सिर से उनका साया उठा है, मां ने जो रास्ता दिखाया, उसे आगे निरंतर बढ़ाते रहेंगे। परिवार को जो दुख हुआ है, उसे सहन करने की शक्ति परमात्मा प्रदान करें।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम। हमें अपने माता पिता के नाम से पेड़ लगाना चाहिए, जिससे पर्यावरण का संरक्षण भी होगा। आज त्रिवेणी लगाई है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को छांव मिलेगी और एक अच्छी प्रेरणा मिलेगी। आज पौधा लगाना उनके लिए गर्व की बात है।

Exit mobile version