Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CM सैनी ने लॉन्च किया हरियाणा स्टेट एनवायरमेंट प्लान:प्रदेश में चलेंगी 105 नई इलेक्ट्रिक बसें, पराली के निपटारे की बनेगी व्यवस्था

हरियाणा का स्टेट इनवायरमेंट प्लान 2025 मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश को प्रदूषण से मुक्त करने की दिशा में सरकार का पहला बड़ा कदम है। जिसमें उनके साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह और एसीएस सुधीर राजपाल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने पंचकूला के PWD रेस्ट हाउस में कार्यक्रम संबोधित करते हुए कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए उद्योगों से निकलने वाले खतरनाक कचरे के निपटान हेतु फरीदाबाद में विशेष प्रबंधन स्थल तैयार किया गया है।

इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण पर भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कचरे से भरी नदियों और तालाबों को लेकर भी सरकार गंभीर है और इस दिशा में बड़े पैमाने पर सफाई और पुनर्जीवन कार्य चलाए जा रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को भी प्रदूषण रहित बनाने की पहल की है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही प्रदेश में 105 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। साथ ही सीएनजी और पीएनजी जैसे स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि वाहन प्रदूषण को कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों से अपील की कि वे पराली जलाने की आदत छोड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को नए विकल्प और प्रोत्साहन देकर इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। पराली जलाने से प्रदूषण बढ़ता है और इसका सीधा असर जनता के स्वास्थ्य पर पड़ता है।

प्रदेश सरकार ने जल प्रदूषण को रोकने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। सीएम ने बताया कि हरियाणा में 2200 तालाब ‘अमृत सरोवर योजना’ के तहत बनाए गए हैं। ये न केवल जल संरक्षण में मदद करेंगे, बल्कि ग्रामीण इलाकों में प्राकृतिक संतुलन भी बहाल करेंगे।

Exit mobile version