हरियाणा के झज्जर में राज्य स्तरीय किसान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह को बिहार के भागलपुर से राष्ट्रीय स्तर पर संबोधित कर रहे थे। जिसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झज्जर से सीएम नायब सिंह सैनी ने यहां वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन प्रसारण सुना और देखा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के अंत में किसानों को राशि देते हुए उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए बताया कि हरियाणा के 16 लाख 38 हजार किसानों के खाते में आज 360 करोड़ रूपए प्रधानमंत्री ने डाला है। वहीं झज्जर के 77 हजार किसानों के खातों में 17 करोड़ की राशि डाली गई है। उन्होंने बताया कि अब तक 18 किस्तों में करीब 20 लाख किसानों के खातों में 6 हजार 203 करोड़ रूपए डाले जा चुके हैं।
राज्य स्तरीय किसान सम्मान समारोह में किसानों के लिए जागरूकता शिविर लगाया गया। जिससे वे नए अवसरों और संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर अपने कृषि उत्पादन में वृद्धि कर सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें किसानों को कृषि से संबंधित नवीनतम तकनीक, जैविक और प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
