Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CM नायब सैनी पहुंचे घायलों से मिलने! काफिले की फायर ब्रिगेड गाड़ी 50 फीट खाई में गिरी, 2 कर्मचारी घायल

पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले में शामिल फायर ब्रिगेड की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। मोरनी क्षेत्र से लौटते समय काफिले की फायर ब्रिगेड गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी में सवार दो फायर कर्मचारी घायल हो गए।

घटना के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी देर रात खुद पंचकूला के अस्पताल पहुंचे और घायल कर्मचारियों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मोरनी के थापली के पास हुआ हादसा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मोरनी के पहाड़ी क्षेत्र में किसान मेले को लेकर कार्यक्रम था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनका काफिला वापस लौट रहा था। इसी दौरान मोरनी के थापली के पास सुरक्षा व्यवस्था में चल रही फायर ब्रिगेड की गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के समय गाड़ी में दो कर्मचारी सवार थे। गाड़ी HKRN कर्मचारी मोहित मलिक चला रहे थे, जबकि उनके साथ स्थायी कर्मचारी लेखराज मौजूद थे। दोनों हादसे में घायल हो गए।

दो अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाज

हादसे में घायल लेखराज को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-23 स्थित पारस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं दूसरे घायल कर्मचारी मोहित का पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल में ICU में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी देर रात घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति और उपचार के बारे में जानकारी ली तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान पंचकूला के जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। डीसी सतपाल शर्मा, डीसीपी अमरिंदर सिंह और सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार सहित अन्य अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ रहे।

फिलहाल दोनों घायल कर्मचारियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Exit mobile version