भिवानी में रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में पुलिस विभाग द्वारा नीलाम किए जाने वाले वाहनों की अब ऑनलाइन बोली होगी। राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों में पुलिस को आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव से शहरों की ओर पलायन रोकने के लिए शहरों जैसी सुविधाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सुविधाएं आदि गांवों में प्रदान की जाएंगी। आगामी समय में बड़े गांवों में कॉलोनियां विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को बवानी खेड़ा के खरक गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने जन संवाद अभियान की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आज बवानी खेड़ा के गांव खरक में दादी सती जाबदे मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव खरक के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 30 लाख की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव की चारों पंचायतों के लिए कुल 4 करोड़ से अधिक की राशि आवंटित की जाएगी।
गांव के सरपंच सहित आस-पास के ग्रामीणों ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान नहरी पानी, जोहड़ सौंदर्यीकरण, हेल्थ कार्ड, राशन कार्ड, रेल का गांव में ठहराव सहित विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। जिन्हें मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही समझाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में अब तक एक लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिनमें से 10 हजार के लगभग नौकरियां अकेले भिवानी जिला को मिली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में माइक्रो इरीगेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश को डार्क जोन होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक पानी धान की फसल की सिंचाई में लगता है।
माइक्रो इरीगेशन के तहत हरियाणा में एक लाख 75 हजार एकड़ क्षेत्र में धान की बुवाई कम की गई है, जिससे बड़ी मात्रा में पानी बचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो किसान धान की बुवाई को छोड़ते हैं, उन्हें 7 हजार रुपए की सहायता राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग उत्पादन को कम करें तथा टपका व फव्वारा सिंचाई का प्रयोग करें, ताकि अगली पीढ़ियों के लिए पानी बच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि माइक्रो इरीगेशन से 70 प्रतिशत पानी बचेगा और इससे माइक्रो इरीगेशन के उपकरण 75 प्रतिशत सब्सिडी प्रदेश सरकार द्वारा दी जाती है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में 12 लाख 50 हजार नए बीपीएल कार्ड बने हैं, जिनमें से 8 लाख अपात्रों के बीपीएल राशन कार्ड काटे गए हैं। प्रदेश में अंत्योदय मेले के माध्यम से लोगों को ऋण व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जरूरतमंद बीमार व्यक्तियों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध करवाया जाता है।वहीं, इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एक बुजुर्ग व्यक्ति के उपचार के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान चिरायु कार्ड योजना के तहत प्रदेश में 54 प्रतिशत आबादी को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मंच के माध्यम से कहा कि अब गांवों का विकास भी शहरों की तर्ज पर किया जाएगा तथा गांवों में कॉलोनियां काटी जाएंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में अब तक 18 हजार तालाबों का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण किया गया है। मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखने वाले ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर निपटाने के निर्देश दिए हैं। गांव के विकास कार्यों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं, इसके लिए वे मुख्यमंत्री का धन्यवाद प्रकट करते हैं।
सबसे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल हेलीकॉप्टर से हेलीपैड पर उतरे। फिर गांव खरक कलां के दादी सती मंदिर पहुंचे। मंदिर में माथा टेकने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल जन संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। जहां पर वह लोगों की समस्याएं सुन उनका निस्तारण कर रहे हैं।
जन संवाद कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मूढ़े पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। समस्या लेकर पहुंचे ग्रामीण व अन्य लोग खाट (चारपाई) पर बैठे हुए हैं। सीएम के साथ सांसद बृजेंद्र सिंह, विधायक बिशंभर वाल्मीकि भी मौजूद हैं।
कार्यक्रम के दौरान सीएम मनोहर लाल ने सरपंच प्रतिनिधि की जगह खुद महिला सरपंच को अपने पास में बैठाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरपंच बनाते हो, तो आगे भी आने दिया करो। कहा कि मैंने खरक गांव का नाम 1963 में सुना था। जब मेरे गांव में जनसंघ का कार्यक्रम हुआ था। 2 साल कोरोना में निकल गए। महिलाएं ओला(पल्ला) करती थीं, कोरोना ने पुरुषों को भी पल्ला ओढ़ा दिया है।

