Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सीएम मनोहर लाल करेंगे पेराई सत्र का शुभारंभ, कई मंत्री रहेंगे मौजूद, करनाल-मेरठ रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद, मिल के गेट और पंडाल पर चेकिंग के बाद एंट्री

मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज करनाल में सहकारी चीनी मिल लिमिटेड के 46वें पिराई सत्र का शुभारंभ करेंगे। साथ ही 3500 टीसीडी चीनी संयंत्र का 5000 टीसीडी का विस्तार योग्य आधुनिकीकरण, विस्तारीकरण व चीनी रिफाइनरी के साथ-साथ 18 मेगावॉट की विद्युत सह-उत्पादन क्षमता का उद्घाटन करके किसानों को समर्पित करेंगे। इस कार्य पर करीब 263 करोड़ रूपए की राशि खर्च हुई। सीएम मनोहर लाल के कार्यक्रम काे देखते हुए करनाल-मेरठ रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। वहीं मिल में लोगों की एंट्री के लिए गेट व पंडाल के बाहर चेकिंग के बाद ही प्रवेश होने दिया जा रहा है।

उद्घाटन कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सांसद संजय भाटिया, हरियाणा राज्य चीनी मिल के अध्यक्ष एवं शाहाबाद के विधायक रामकरण, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल, हरियाणा शुगर फेड के प्रबंध निदेशक जितेन्द्र कुमार उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसी कार्यक्रम से इंद्री विधानसभा क्षेत्र के गांव बीबीपुर जाटान में 3 करोड़ रुपए की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन, असंध विधानसभा क्षेत्र में असंध कॉलेज रोड़ पर 3 करोड़ रुपए की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशन, नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के तरावड़ी में करीब 2 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से बने अग्निशमन भवन का उद्घाटन भी करेंगे।

उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि किसानों की बहुत पुराने समय से चली आ रही मांग के अनुरूप करनाल में सहकारी चीनी मिल का आधुनिकीकरण एंव विस्तारीकरण का कार्य पूर्ण हो गया। अब नई चीनी मिल 3500 टन प्रतिदिन की क्षमता में गन्ना पिराई करेगी। चीनी मिल में उत्कृष्ट गुणवत्ता की सल्फर रहित रिफाइंड चीनी का उत्पादन होगा। उत्पादित 18 मेगावॉट विद्युत की 13.2 मेगावॉट मात्रा का एचवीपीएनएल को विक्रय होगा।

विस्तारीकृत चीनी मिल मे प्रदूषण नियंत्रण के अति आधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। इनसे करनाल चीनी मिल के आसपास जल और वायु की गुणवत्ता बेहतर रहेगी। आमजन को लाभ मिलेगा। मिल की पिराई क्षमता बढ़ाने पर किसानों की गन्ने की ट्रालियां खड़ी करने के लिये एक नए गन्ना यार्ड की व्यवस्था की गई है तथा मिल के पुराने टूटे गन्ना यार्ड की भी पूरी मरम्मत की गई है व तारकोल से सड़कों का निर्माण किया गया है।

मिल में किसानों के रात के समय रुकने के लिए आधुनिक विश्राम गृह बनाया गया है। चाय पानी के लिए आधुनिक कैंटीन बनाई गई है। मिल प्रागंण में अटल किसान मजदूर कैंटीन पिछले कई सालों से चलाई जा रही है। इसमें सस्ती दर पर नाश्ता व खाना दिया जाता है। मिल प्रांगण में किसानों के लिए एक किसान सेवा केन्द्र चलाया जा रहा है। इसमें किसानों को गन्ने की अदायगी की एवज में खाद दिया जा रहा है। गन्ना सप्लाई करने वाले किसानों को मिल के पेट्रोल पम्प से डीजल भी दिया जा रहा है। इन सभी कार्य प्रणालियों से किसान व मजदूर बहुत खुश हैं।

Exit mobile version