Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक पटवारखाने पर पड़ी CM फ्लाइंग व गुप्तचर विभाग की रेड; 2 पटवारी मिले गैरहाजिर– लोग बोले कई दिन से काट रहे चक्कर नहीं हुआ काम

रोहतक स्थित पटवारखाने में CM फ्लाइंग व CID ने संयुक्त रूप से रेड की। टीम की छापेमारी के चलते पटवारियों में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कार्यालय पहुंचे। हालांकि जो पटवारी कार्यालय में नहीं मिले, उनका कहना था कि वे मीटिंग में गए हुए थे। टीम के रिकॉर्ड के अनुसार कोई भी पटवारी अनुपस्थित नहीं मिला।

CM फ्लाइंग व CID की टीम ने पटवारखाने से रिकॉर्ड भी खंगाला। साथ ही पटवारखाने में पहुंचने वाले लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान पाया गया कि काफी लोग तीन-चार दिन से लगातार पटवारखाने के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनके काम नहीं हो रहे थे। जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

पटवारखाने में पहुंचने वाले लोगों ने कहा कि उनके जमीन रिकॉर्ड से संबंधित व अन्य काम समय पर नहीं होते। जिसके कारण परेशानी होती है। टीम ने खुद उन लोगों के काम भी करवाए। साथ ही लोगों से बातचीत करने के बाद पटवारियों को भी हिदायत दी कि वे समय पर लोगों के कार्य करें। इसके लिए अधिक से अधिक समय अपने कार्यालय में बिताएं। ताकि लोगों के समय पर काम बन सकें।

गांव खिड़वाली निवासी अमित ने बताया कि उनकी जमीन थी, जिस पर उनका कब्जा है। उस जमीन का रिकॉर्ड दिखवाने के लिए आए थे। पटवारियों ने एक-दो दिन में बुलाया था, इसलिए वे बुधवार को पहुंचे थे। उनके पिता ने इस काम के लिए काफी चक्कर काटे थे, लेकिन समय पर उनका काम नहीं हो पाया।

Exit mobile version