हरियाणा में बढ़ते कोरोना केस को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज, बुधवार दोपहर बाद चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में हेल्थ डिपार्टमेंट की मीटिंग बुला ली है। मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और हेल्थ डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) सुधीर राजपाल भी मौजूद रहेंगे।
वहीं मंगलवार को राज्य में कोरोना के 16 केस सामने आने के बाद सरकार ने एडवाइजरी जारी की। सरकार ने कहा कि अस्पतालों में फ्लू कॉर्नर, बेड, आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स व अन्य दवाएं उपलब्ध होनी चाहिए।
पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE), एन-95 मास्क, रिएजेंट किट, वीटीएम आदि मौजूद हों। इमरजेंसी और OPD में मास्क पहनने जैसे संक्रमण रोकथाम व नियंत्रण (IPC) प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। सामाजिक जागरूकता बढ़ाई जाए।
आइसोलेट मामलों में खासकर हाई रिस्क वाले लोगों (बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बच्चे, इम्यूनिटी कमजोर या अन्य बीमारियों वाले) की निगरानी हो। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के साथ तैयारी पर बैठक करें।
प्रदेश में मंगलवार को कोरोना के 3 नए केस मिले हैं, जिनमें एक फरीदाबाद और 2 गुरुग्राम में मिले हैं। प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़कर 16 पर पहुंच गई है। अभी 13 मरीज एक्टिव हैं। उधर, पंजाब के फिरोजपुर में पिता से मिलने गया अंबाला का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। तबीयत बिगड़ने पर उसने टेस्ट कराया था। चंडीगढ़ में भी पंजाब का व्यक्ति पॉजिटिव मिला है।
