हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। एकाएक ठंड बढ़ने से दिन में भी ठंड महसूस हो रही है। हरियाणा में रात्रि तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दूसरी ओर, दिवाली के बाद से ही प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है।

बहादुरगढ़ और धारूहेड़ा लगातार प्रदूषण के मामले में देशभर में टॉप पर बने हुए हैं। टूटी सड़कें, कंस्ट्रक्शन वर्क और फैक्ट्रियों और वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण प्रदूषण लगातार यहां बढ़ रहा है। बहादुरगढ़ में वर्ष 2020 के बाद यह अक्टूबर माह में शहर में प्रदूषण का स्तर इतने लंबे समय तक रेड जोन में दर्ज किया गया है।

हरियाणा के 6 शहर रेड जोन में हैं, जिनमें बहादुरगढ़, धारूहेड़ा, मानेसर, फतेहाबाद और अंबाला शामिल हैं। वहीं, जींद रेड जोन की दहलीज पर है, जहां एक्यूआई 300 तक पहुंच गया है।

हरियाणा में पिछले 5 साल की तुलना में पराली भी कम जली है और वहीं पंजाब में 12 गुना ज्यादा पराली जलाने के केस आए, फिर भी पंजाब की तुलना में हरियाणा ज्यादा प्रदूषित है। इसका कारण वातावरण में नमी और ठंड को माना जा रहा है।

मौसम एक्सपर्ट भी बता चुके हैं कि प्रदूषण के लिए स्थानीय कारण ही जिम्मेदार हैं, क्योंकि हवा की गति कम है। वहीं मौसम की बात करें तो महेंद्रगढ़ जिले का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार का तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 28 व 29 अक्टूबर को मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादलवाई व उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की कमी व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभावित है।

परंतु 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहने और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है। इस दौरान फिर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!