Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज छाए रहेंगे बादल, 3 दिन बाद चलेंगी तेज हवाएं, फरीदाबाद में पारा 34.3°C सेल्सियस पहुंचा

हरियाणा में आज गुरुवार रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। 14 मार्च से 16 मार्च तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा 16 मार्च के बाद राजस्थान की सीमा से लगते हरियाणा के जिलों में तेज हवाएं और तूफान का सामना करना पड़ सकता है।

पश्चिमी हवाओं से प्रदेश में गर्म हवाएं चलेंगी। इससे दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। वहीं, मौजूदा स्थिति में दिन के तापमान में हर दिन 1 डिग्री की बढ़ोतरी हो रही है। हरियाणा में फरीदाबाद सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 34.3 डिग्री पर पहुंच गया।

अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं, रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। फिलहाल हरियाणा में रात का तापमान ज्यादातर जिलों में 15 डिग्री से 16 डिग्री के बीच है। पलवल और रोहतक में तापमान 18 डिग्री पर पहुंच गया है।

चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 16 मार्च तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 13 मार्च के दौरान बीच-बीच में हवाओं के रुख में बदलाव के कारण राज्य के अधिकांश भागों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

हरियाणा में 13 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। इसके चलते 13 मार्च रात से 15 मार्च तक राज्य के अधिकांश भागों में बादल छाए रहने और हवाएं चलने के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है

तथा 16 मार्च को राज्य के उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिसके चलते दिन के तापमान में मामूली गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Exit mobile version