जिला कुल्लू में बीती रात हुई भारी बारिश के चलते लग घाटी के समाना में जहां बादल फटा. वहीं, बादल फटने के चलते दो दुकानों और एक बाइक को भी नुकसान हुआ है. वही बादल फटने के चलते लोगों के खेतों को भी नुकसान पहुंचा है. अभी जिला प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है. इसके अलावा बादल फटने से सरवरी नाले में बाढ़ आ गई, जिस कारण सरवरी में भी पैदल पुल को काफी नुकसान हुआ है.
वहीं, भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं. मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 2:00 बजे लग घाटी के समाना में बादल फट गया. बादल फटने की आवाज सुनते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए. हालांकि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन भारी बारिश के चलते नाले का मलबा लोगों के घरों में भी जा घुसा. लग घाटी में बादल फटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सरवरी में नदी नालों के किनारे झुग्गियों में रहने वाले लोगों को भी वहां से हटा लिया.
डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने बताया कि ‘जिला कुल्लू में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है. ऐसे में कई इलाकों में निगम की बसें भी नहीं चल पा रही हैं और सड़कें भी वाहनों के लिए बंद पड़ी हुई हैं. मंगलवार को जिला कुल्लू के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं. वहीं, उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया कि वो खराब मौसम को देखते हुए नदी नालों का रुख बिल्कुल भी ना करें.’
मंडी जिला के पधर उपमंडल के तहत आने वाली दुर्गम चौहारघाटी में बीती रात और आज सुबह हुई भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है. घाटी की दो पंचायतें अधिक प्रभावित बताई जा रही हैं, जिसमें शिल्हबुधाणी और तरस्वाण शामिल हैं. यहां से अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 6 फुट ब्रिज, एक वाहन, एक दुकान और सैंकड़ों बीघा भूमि पानी के तेज बहाव के साथ बह गई है, जिससे लोगों का करोड़ों का नुकसान हो गया है. हालांकि किसी प्रकार के जानी नुकसान की कोई खबर नहीं है.
ग्राम पंचायत शिल्हबुधाणी के प्रधान प्रेम सिंह और तरस्वण के प्रधान जय सिंह ने नुकसान की जानकारी देते हुए बताया कि रात को क्षेत्र में काफी ज्यादा बारिश हुई है. बारिश के कारण सभी नाले उफान पर थे और लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण लेकर अपनी जान बचाई है. सैंकड़ों बीघा भूमि बहने से क्षेत्र के किसानों और बागवानों का करोंड़ों रूपयों का भारी नुकसान हुआ है.
वहीं, एसडीएम पद्धर सुरजीत सिंह और लोक निर्माण विभाग के एसडीओ भगत राम यादव सहित राजस्व विभाग की टीमें मौके लिए रवाना हो गई हैं. एसडीएम सुरजीत सिंह ने क्षेत्र के स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया है.
