हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है, वहीं कई जगह सड़कें बंद हो गई हैं। किन्नौर जिले के सांगला तहसील के रक्षम गांव के नजदीक बुधवार सुबह नाले में बादल फट गया है जिस से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मंडी-कुल्लू से किन्नौर का पूरी तरह से संपर्क कट गया है साथ – साथ औट और कटौला मार्ग भी भारी बारिश के चलते जगह-जगह पर बाधित हुआ है।
बादल फटने की सूचना पूर्व प्रधान रक्षम टीकम नेगी ने दी है। लाहौल के लिए रवाना हुई एनडीआरएफ की टीम के वाहन भी फंस गए हैं। तो वहीं चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट एनएच समेत 23 संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। बंद पड़े मार्गों को बहाल करने में एनएच और लोनिवि की टीमें जुटी हैं। पुरुवाला-सालवाला चौक पर बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। मकान और दुकानें ढहने का भी खतरा बढ़ गया है।
