Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिमाचल के नाहन में फटा बादल… ढह गई सड़कें और मकान, एक व्यक्ति की मौत

हिमाचल (Himachal Hindi News) के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में ट्रांसगिरी इलाके में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय अमान सिंह पुत्र तेलुराम निवासी रेतुआ पंचायत डांडा पांवटा साहिब के तौर पर हुई है।

जानकारी के अनुसार ट्रांस गिरी इलाके में शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान डेढ़ बजे के आसपास रेतुआ गांव में बादल फटने की घटना सामने आई।

बादल फटने से रेतुआ गांव में साथ लगने वाले नाले में बाढ़ आ गई। बताया जा रहा है कि बादल फटने के बाद अमान सिंह घर से बाहर गौशाला में पशु देखने निकला, जो भारी मलबे की चपेट में आकर लापता हो गया।

बताया जा रहा है कि यहां पिछले कुछ समय से बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हो रही है। इलाके में ट्रैक्टर निकालने के लिए सड़कें बनाई गई हैं। पेड़ों की लकड़ियां गिरने से यहां लैंडस्लाइड जोन बन गए हैं। इससे स्थिति काफी गंभीर बन रही है।

उधर पुरूवाला पुलिस थाना प्रभारी राजेश पाल ने बादल फटने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मलबे के बीच लापता व्यक्ति का शव टोंस नदी में बरामद हो चुका है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।

Exit mobile version