Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नाैवीं कक्षा की छात्रा ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, 4 माह की गर्भवती मिली

Sonipat News: सेक्टर-27 थाना एरिया के एक गांव की नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ गांव में लगे सफाई कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। टीचर को शक हुआ तो छात्रा की मां को स्कूल बुलाकर मेडिकल जांच करवाने काे कहा। मेडिकल जांच में छात्रा 4 महीने की गर्भवती मिली। जिसके बाद छात्रा ने घर आने के बाद आत्महत्या कर ली। मरने से पहले छात्रा ने मां को आरोपी का नाम बताया। मामले में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-27 थाना पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए विवश करने व पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

करीब 15 वर्षीय छात्रा गांव के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में कक्षा नौंवी में पढ़ती थी। छात्रा की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी 12 सितंबर को स्कूल गई थी। घर आकर उसने बताया कि टीचर ने आपको स्कूल बुलाया है। जब वह स्कूल गई ताे मैडम ने कहा कि अपनी बेटी का चेकअप करवाकर लाओ मुझे कुछ शक है। 14 सितंबर को उन्हाेंने शहर के एक निजी अस्पताल में बेटी का अल्ट्रासाउंड करवाया। जिससे बेटी के गर्भवती हाेने की बात सामने आई। घर आने पर बेटी से पूछताछ कि ताे वह राेने लगी। बेटी ने रोते हुए बताया कि राहुल नाम के लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपी गांव में सफाई का काम करता है और किशोरा गांव का रहने वाला है। बेटी ने आरोपी का मोबाइल नंबर भी बताया। बेटी द्वारा आरोपी का नाम बताने पर वह घर से बाहर आ गई। इसी बीच बेटी ने चुन्नी से पंखें की राॅड से फांसी लगा ली। जब उसने अंदर जाकर देखा तो चुन्नी का फंदा टूटकर नीचे फर्श पर पड़ी मिली।

डॉक्टर ने बताया कि छात्रा करीब चार महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने डॉक्टर से रिकाॅर्ड लेकर आरोपी के खिलाफ सबूत जुटाए हैं। इसके साथ ही अब पुलिस पता कर रही है कि आरोपी ने छात्रा के साथ कहां पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही सारी सच्चाई सामने आ सकेगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित की गई हैं व साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। सेक्टर-27 थाना प्रभारी प्रवीण ने बताया कि आरोपी राहुल पर केस कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

मां बोली- गले से चुन्नी भी काटी, पर बचा नहीं पाए
छात्रा की मां ने बताया कि उसने जल्दी से बेटी के गले में लगी चुन्नी काटी और बेटे काे साथ लेकर बेटी काे निजी अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घाेषित कर दिया। शिकायतकर्ता मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी सफाई कर्मचारी ने बेटी से दुष्कर्म किया, जिससे परेशान होकर बेटी ने आत्महत्या की है। पुलिस ने आरोपी सफाई कर्मचारी राहुल पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version