Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में छठी के छात्र ने किया सुसाइड:​​​​​​​साइंस का पेपर अच्छा न होने से परेशान था; छत पर कमरे में बंद होकर फंदा लगाया

हरियाणा के हिसार में पेपर अच्छा न होने से परेशान 12 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह आदमपुर के एक निजी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था। उसका साइंस का पेपर अच्छा नहीं हुआ था। छात्र मूल रूप से ठसका गांव का रहने वाला था। फिलहाल, वह अपनी मां के साथ सदलपुर गांव में नानी के घर रह रहा था।

आदमपुर पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार गांव ठसका निवासी धर्मपाल की शादी गांव सदलपुर की सुमन बाला के साथ हुई। उनके दो बेटे हैं। धर्मपाल अग्रोहा में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

सुमन के कोई भाई नहीं है, इसलिए वह अपनी मां की देखभाल के लिए मायके सदलपुर में रह रही है। उसका 12 साल का बेटा प्रबल भी मां के पास रहता है। वह आदमपुर एरिया में एक प्राइवेट स्कूल में 6वीं कक्षा में पढ़ रहा था।

पुलिस के अनुसार, प्रबल के बीते दिन ही वार्षिक एग्जाम समाप्त हुए थे। उसका अंतिम पेपर साइंस का था। परिजनों ने बताया कि पेपर अच्छा नहीं हुआ था। इसके चलते वह परेशान हो गया। वह छत पर बने कमरे में गया और खुद को बंद कर लिया। जब वह काफी देर तक वह नीचे नही आया तो उसकी मां और नानी उसे मनाने छत पर गए।

वहां उन्होंने कमरा खोलकर देखा तो प्रबल फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना पाकर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे के शव को उतार कर अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को शव का हिसार के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया। उसके पिता धर्मपाल के बयान पर धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version