हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने मार्च-2026 में आयोजित सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) वार्षिक परीक्षा के विद्यालयी, गुरुकुल और विद्यापीठ के विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्र, कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड तथा माइग्रेशन प्रमाण-पत्रों के वितरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, 20 जुलाई से ये सभी दस्तावेज प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि स्कूलों, गुरुकुलों एवं विद्यापीठों के प्रधानाचार्य/मुखिया 20 जुलाई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक तथा 21 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय से अपने विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्र, कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भिवानी जिले के विद्यालयों के प्रमाण-पत्र, कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड एवं माइग्रेशन प्रमाण-पत्र जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बजाय बोर्ड मुख्यालय के कमरा नंबर-98 से वितरित किए जाएंगे।

बोर्ड ने बताया कि यदि किसी कारणवश विद्यालय प्रमुख स्वयं दस्तावेज लेने नहीं पहुंच पाते हैं, तो वे अपने विद्यालय के किसी शिक्षक या प्राध्यापक को अधिकृत कर सकते हैं। इसके लिए अधिकृत प्रतिनिधि को विद्यालय प्रमुख द्वारा जारी प्राधिकरण-पत्र (ऑथराइजेशन लेटर) साथ लाना अनिवार्य होगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण-पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रमाण-पत्र, कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड या माइग्रेशन प्रमाण-पत्र नहीं सौंपे जाएंगे। वहीं, जो संस्थाएं 20 और 21 जुलाई को दस्तावेज प्राप्त नहीं कर पाएंगी, वे 21 जुलाई के बाद इन्हें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मुख्यालय से प्राप्त कर सकेंगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!