Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम NH-48 पर बाइक राइडर्स में मारपीट: एंबियंस मॉल के पास चले लात-घूंसे, पुलिस ने कराया शांत

गुरुग्राम में नेशनल हाईवे नंबर 48 पर दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास एंबियंस मॉल के ठीक पहले बाइक राइडर्स के में बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। इस झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इन वीडियो पर प्रिंस संधू नाम का एक बाइक राइडर ने कमेंट करके कहा है कि वह अकेला था और उसके साथ एक लड़की भी थी, इसलिए कोई पंगा नहीं करना चाहता, लेकिन सभी का हिसाब किया जाएगा।

दरअसल वह अपनी एक दोस्त के साथ नेशनल हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान एंबियंस मॉल से पहले उसकी कुछ अन्य बाइक राइडरों से किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते यह बहस तीखी गाली-गलौज में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तीन-चार युवकों ने प्रिंस संधू के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के मुताबिक आरोपी युवकों ने प्रिंस संधू को सड़क पर घेर लिया और उस पर लात-घूंसों मारने लगे। प्रिंस के साथ मौजूद लड़की लगातार बीच-बचाव करने की कोशिश करती रही और हमलावरों को रोकने के लिए चिल्लाती रही, लेकिन युवकों ने उसकी एक न सुनी। वे लगातार प्रिंस को पीटते रहे। हाईवे के बीचोबीच चल रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई।

सड़क पर हंगामे और मारपीट को बढ़ता देख वहां तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मी ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव किया। उसने हमलावर युवकों को पीछे धकेला और दोनों गुटों को अलग-अलग किया। पुलिसकर्मी के दखल के बाद ही मामला शांत हो सका और हमलावर बाइकर्स वहां से निकल गए।

इस पूरी घटना का वहां मौजूद एक राइडर ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे चला रहे हैं। हालांकि किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं की, लेकिन पुलिस की सोशल मीडिया टीम वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

Exit mobile version