नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका गुरुवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के सामने पेश नहीं हुए। दोनों को राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने पुलिस से पेश होने के लिए और समय मांगा है। पुलिस अब उन्हें नया नोटिस जारी कर सकती है।
दोनों नेताओं को बुधवार को दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट से जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा किया गया था। अदालत ने दोनों को 50-50 हजार रुपये के बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया था।
13 अक्टूबर को जंतर-मंतर से हिरासत में लिए गए थे
दिल्ली पुलिस ने 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया था। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने 12 अक्टूबर को जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया था। इसके अगले दिन दोनों नेता तिरंगा लेकर वहां पहुंचे थे।
पुलिस ने शांति व्यवस्था से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की थी। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया था। 19 अक्टूबर को उनकी हिरासत दो दिन के लिए बढ़ाई गई थी।
दोनों मामलों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी
दिल्ली पुलिस ने सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। ये मामले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर से जुड़े घटनाक्रमों के बाद दर्ज किए गए थे।
कनॉट प्लेस से संबंधित मामला पहले क्राइम ब्रांच को सौंपा गया था, जबकि जंतर-मंतर वाले मामले की जांच भी बुधवार को क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई।
अभिजीत दीपके बोले- दोनों मुझसे बड़े नेता
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर सौरव दास और आशुतोष रांका को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दोनों उनसे बेहतर और बड़े नेता हैं और अगर वे कुछ कहेंगे तो वह उनकी बात मानेंगे।
SIR के विरोध में प्रदर्शन की तैयारी
इस बीच, पीपल अगेंस्ट SIR गठबंधन ने 23 अक्टूबर को देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया है। गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, इस मंच में नागरिक संगठनों, किसान यूनियनों, मजदूर संगठनों और महिला व युवा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रदर्शन के जरिए मतदाता सूची में पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।
INDIA ब्लॉक की बैठक में बनेगी रणनीति
रिपोर्ट के मुताबिक, INDIA ब्लॉक के नेता ऑनलाइन बैठक कर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा करने वाले हैं।
