Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली को CJP का समर्थन, इंडिया गठबंधन में जाने पर मांगा फीडबैक

झज्जर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली को समर्थन दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय सह-संयोजक आशुतोष रांका ने हरियाणा की कोर टीम के साथ वर्चुअल बैठक में इस संबंध में चर्चा की। बैठक में पार्टी के सदस्यों के रैली में शामिल होने की संभावना पर भी बात हुई।

करीब एक घंटे चली बैठक में रैली को समर्थन देने, 10 नवंबर के बाद संगठनात्मक गतिविधियां दोबारा शुरू करने और इंडिया गठबंधन से संभावित तालमेल को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही हरियाणा में संगठन का विस्तार करने और किसान संगठनों सहित अन्य सामाजिक संगठनों को जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

इंडिया गठबंधन में शामिल होने पर अभी फैसला नहीं

बैठक में आशुतोष रांका ने कहा कि CJP का उद्देश्य देशहित से जुड़े मुद्दों पर काम करना है। यदि कोई राजनीतिक दल या संगठन समान मुद्दों पर आवाज उठाता है, तो उसके साथ मिलकर काम करने में कोई दिक्कत नहीं है।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि CJP अभी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। गठबंधन में शामिल होने को लेकर पार्टी की ओर से अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इस संबंध में जमीनी स्तर पर लोगों की राय और प्रतिक्रिया जुटाने के निर्देश टीम सदस्यों को दिए गए हैं।

1 नवंबर की महारैली को समर्थन

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इंडिया गठबंधन की 1 नवंबर की रैली को समर्थन देने की बात कही। पार्टी की ओर से इसे देशहित से जुड़े मुद्दों पर साझा समर्थन के रूप में पेश किया गया है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने भी कहा कि CJP देशहित से जुड़े मुद्दों पर इंडिया गठबंधन के साथ विचार-विमर्श कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैली को समर्थन देने का अर्थ गठबंधन में शामिल होने का फैसला नहीं है।

10 नवंबर के बाद फिर सक्रिय होगी CJP

आशुतोष रांका के अनुसार, पार्टी 10 नवंबर के बाद अपनी गतिविधियों को दोबारा तेज करेगी। संगठन को विभिन्न राज्यों में विस्तार देने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग राज्यों के संगठन से संबंधित सूची जारी करने की भी तैयारी है।

सुधीर सांगवान ने बताया कि त्योहारों के दौरान कार्यकर्ताओं को परिवार के साथ समय बिताने के लिए कहा गया है। इसके बाद संगठन विस्तार और आगामी गतिविधियों पर नए सिरे से काम शुरू किया जाएगा।

केंद्रीय लीगल टीम में भी बदलाव की तैयारी

बैठक में पार्टी की कानूनी सहायता व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। आशुतोष रांका ने बताया कि पिछले आंदोलन के दौरान समय पर कानूनी सहायता नहीं मिलने की शिकायतों के बाद केंद्रीय लीगल टीम में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य भविष्य में आंदोलनों और संगठनात्मक गतिविधियों के दौरान बेहतर कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

फिलहाल CJP की ओर से इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। पार्टी पहले जमीनी स्तर से फीडबैक जुटाएगी और उसके आधार पर आगे की रणनीति तय करेगी।

Exit mobile version