Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सिटी थाना SHO सस्पेंड: रिहान हत्याकांड में कार्रवाई की चूक का मामला, IG हामिद अख्तर के निर्देश पर एक्शन

रोहतक। रोहतक के सिटी थाना प्रभारी (SHO) रमेश कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। रिहान उर्फ कालू हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई में चूक के मामले को इस कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है। SHO को लाइन हाजिर करने के बाद निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कदम IG हामिद अख्तर के निर्देश पर उठाया गया है।

यह मामला शहर की कबीर कॉलोनी में 4 अक्टूबर को हुए 27 वर्षीय रिहान उर्फ कालू के मर्डर से जुड़ा है। आरोप है कि महज 1,700 रुपये के विवाद में युवक की मुर्गा काटने वाले चाकू से हत्या कर दी गई थी।

1700 रुपये के विवाद में हुई थी रिहान की हत्या

मृतक के परिजनों के अनुसार, रिहान उर्फ कालू स्कूटी पर परचून की दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान रास्ते में चार-पांच लोगों ने उसे घेर लिया और उससे पैसे मांगने लगे।

परिजनों का कहना था कि रिहान ने आरोपियों से एक-दो दिन में पैसे देने की बात कही, लेकिन वे नहीं माने और उसके साथ झगड़ा करने लगे। इसी दौरान आरोपियों में से एक व्यक्ति कथित तौर पर मुर्गा काटने वाली दुकान से चाकू उठा लाया और रिहान पर हमला कर दिया।

परिजनों ने पांच लोगों पर लगाए थे हत्या के आरोप

रिहान के परिजनों ने अजीज, आरिफ, सलीम मार्चरी, आशीष और कालू पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। परिवार का दावा था कि आरोपियों ने रिहान को घेरकर चाकू से हमला किया था।

परिजनों ने यह भी बताया था कि हत्या से पहले रात को भी कालू के साथ आरोपियों का विवाद हुआ था और उस दौरान हमला करने की कोशिश की गई थी।

मुख्य आरोपी फारुक सहित अन्य गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फारुक और अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, अब इसी हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई में कथित चूक को लेकर सिटी थाना प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई की गई है।

IG के निर्देश पर SHO सस्पेंड: SP

रोहतक के SP गौरव राजपुरोहित ने बताया कि सिटी थाना प्रभारी रमेश कुमार को IG हामिद अख्तर के निर्देशानुसार सस्पेंड किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

मई में महम थाना प्रभारी भी हुए थे सस्पेंड

इससे पहले मई महीने में फसल चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप में महम थाना प्रभारी रविंद्र कुमार और एक हवलदार को SP गौरव राजपुरोहित ने सस्पेंड किया था। पुलिस विभाग में लापरवाही के मामलों में पहले भी इस तरह की कार्रवाई होती रही है।

Exit mobile version