Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर NEET UG का सिटी और सेंटर वाइज रिजल्‍ट जारी: NTA ने वेबसाइट पर किया अपलोड- गोधरा के विवादित सेंटर से कोई टॉपर नहीं

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने आज 20 जुलाई को NEET UG एग्‍जाम का सिटी और सेंटरवाइज रिजल्‍ट जारी कर दिया। रिजल्‍ट ऑफिशियल वेबसाइट nta.ac.in पर रिलीज हुआ है। इसमें कैंडिडेट्स की पहचान जाहिर नहीं की गई है। जारी रिजल्‍ट में गुजरात के गोधरा के जय जलराम स्‍कूल से कोई टॉपर नहीं बना है। बता दें कि पेपर लीक मामले में इसी स्‍कूल के प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया गया है। इस सेंटर पर केवल 1 स्‍टूडेंट ने 600 नंबर स्‍कोर किए हैं। इसके अलावा किसी भी कैंडिडेट को 600 से ज्‍यादा नंबर नहीं मिले हैं।

18 जुलाई को NEET विवाद पर CJI की बेंच के सामने हुई तीसरी सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में हुई थी। कोर्ट ने NTA को निर्देश दिया था कि सभी कैंडिडेट्स के रिजल्ट शनिवार दोपहर 12 बजे तक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएं।कोर्ट ने कहा था- रिजल्ट अपलोड करते वक्त उम्मीदवार की पहचान जाहिर ना की जाए। हम सोमवार 22 जुलाई को सुबह 10.30 बजे अगली सुनवाई शुरू करेंगे। ताकि दोपहर तक हम निष्कर्ष निकाल सकें। हम बिहार पुलिस रिपोर्ट की एक कॉपी भी चाहते हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार तक काउंसलिंग पर रोक लगाने से भी इनकार किया था। सुनवाई के दौरान सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा था- काउंसलिंग में कुछ समय लगेगा। यह 24 जुलाई के आसपास शुरू होगी। CJI ने कहा – हम सोमवार को ही सुनवाई करेंगे।

NEET में गड़बड़ी से जुड़ी 40 याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को तीसरी सुनवाई थी। इससे पहले 8 जुलाई और फिर 11 जुलाई को सुनवाई हुई थी। CJI डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की डिवीजन बेंच मामले की सुनवाई कर रही है। सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलीलें रखीं। याचिकाकर्ता के वकील एडवोकेट नरेंद्र हुड्डा हैं।

Exit mobile version