पंजाब-हरियाणा सचिवालय में तैनात CISF जवान ने परिसर में ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नागा अर्जुन के रूप में हुई है। घटना तड़के सुबह 4:30 बजे की बताई जा रही है।
गोली चलने की आवाज से सीआईएसएफ कैंपस में हड़कंप मच गया। इसके बाद घटना की जानकारी चंडीगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।अभी तक जवान के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। चंडीगढ़ पुलिस मृतक जवान के शव को लेकर सेक्टर 16 के अस्पताल गई है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।
घटना क्षेत्र चंडीगढ़ सेक्टर-3 के अंतर्गत आता है। संबंधित थाने की पुलिस के अनुसार मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप देगी। अभी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस आगे की जांच शुरू करेगी।
चंडीगढ़ पुलिस की अभी तक की जांच में सामने आया है कि सुसाइड करने वाले जवान पंजाब सिविल सचिवालय में तैनात था। मृतक जवान कर्नाटक के दावेंगेरा जिले के हदादी गांव का रहने वाला है।
