Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

PGI रोहतक में होंगे बच्चों के दिल के ऑपरेशन:कुलपति ने ज्वॉइनिंग से पहले किया कैंपस निरीक्षण

रोहतक जिले में स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (PGI) में अब बच्चों के दिल के भी ऑपरेशन होंगे। सुविधाओं को और ज्यादा बढ़ाया जाएगा। यह बात पीजीआई की कुलपति नियुक्त की गई डॉ. अनिता सक्सेना ने ज्वॉइनिंग से पहले कही। वे अचानक पीजीआई का निरीक्षण करने पहुंची थीं। उन्होंने पीजीआई के अधिकारियों के साथ ओपीडी का निरीक्षण किया।

लेकिन यहां भीड़ को देखकर वे हैरान भी हुईं और चिकित्सकों की तारीफ भी की। निरीक्षण के बाद डॉ. अनिता सक्सेना ने बताया कि सभी विभागों तक नहीं पहुंच पाई। पीजीआई अच्छा है, लेकिन कुछ विभागों में सुधार की जरूरत है। मेरी ज्वॉइनिंग के बाद पीजीआई में बच्चों के दिल के ऑपरेशन भी शुरू होंगे। बच्चों से संबंधित दूसरी सर्जरी भी शुरू करवाई जाएगी।

संस्थान में एकमो मशीन देखकर हुईं हैरान

डॉ. अनिता सक्सेना हेल्थ यूनिवर्सिटी में पहुंची। सबसे पहले वे वीसी कार्यालय गईं और सभी से मिलीं। इसके बाद चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय भी गईं और यहां से एमएस डॉ. पुष्पा दहिया, डायरेक्टर डॉ. रोहताश यादव समेत अन्य अधिकारियों के साथ ओपीडी का निरीक्षण करने पहुंचीं। ओपीडी के अलावा कार्डियो, गेस्ट्रोइंट्रोलॉजी, न्यूरोर्सजरी, कार्डियक एनस्थिसिया समेत कई विभागों के काम करने के तरीके जाने। डॉ. अनिता सक्सेना ने दिल रोग विभाग के आईसीयू का भी दौरा किया।

यहां उन्होंने मशीनों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई। एकमो मशीन देखकर डॉ. सक्सेना संतुष्ट हुईं और कहा कि पीजीआई में एकमो जैसी मशीन मरीजों के लिए है तो बड़ी बात है। हालांकि डॉ. अनिता सक्सेना ने अभी तक वीसी का पद ग्रहण नहीं किया है, फिर भी निरीक्षण के दौरान उन्होंने हर विभागाध्यक्ष से जानकारी ली। उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जाना और यह भी पूछा कि और नया क्या हो सकता है। कोई नया कोर्स भी शुरू करने की जरूरत है या नहीं।

अगस्त में किया गया था नियुक्त, दिसंबर में संभालेंगी कुर्सी

डॉ. सक्सेना एम्स दिल्ली में पीडियाट्रिक कोर्डियक सर्जरी की हेड हैं। उम्मीद है कि वीसी की कुर्सी संभालने के बाद सुपर स्पेशियलिटी विभागों की तस्वीर बदल जाएगी। डॉ. सक्सेना ने सुपर स्पेशियलिटी विभागों का भी दौरा किया। अगस्त में डॉ. अनिता सक्सेना को हेल्थ विवि की कुलपति नियुक्त किया था। लेकिन वे एम्स से सेवानिवृत्त नहीं हुई हैं, इसलिए अभी आईएएस डॉ. जी अनुपमा वीसी का कार्यभार देख रहीं हैं। डॉ. अनिता सक्सेना दिसंबर में कुलपति की कुर्सी संभालेंगी।

जिस संस्थान में मुझे जॉइन करना है, वहां पहले ही जान पहचान करने आई थी

डॉ. अनिता सक्सेना ने कहा कि वह अभी तो जान पहचान करने ही आई थीं। जिस संस्थान में उन्हें जॉइन करना है, उसके बारे में पहले से ही जानकारी ले लेनी चाहिए। यहां कुछ विभागों में सुधार की जरूरत है और कुछ बिल्कुल अच्छा काम कर रहे हैं। अभी तक पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जरी पीजीआई में नहीं होती। इसलिए ज्वॉइनिंग के बाद इसे शुरू करवाया जाएगा।

Exit mobile version