विशेषज्ञों ने भारत में कोरोना की तीसरी लहर की संभावना जताई है। कोविड-19 का खतरा केस बढ़ने के ट्रैक पर अपनी पूरी स्पीड पकड़ने लगा है। शनिवार को 12 नए केस की पुष्टि हुई है। 3 दिन में ही केस तीन गुणा हो गए हैं। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 28 हो गई है। वहीं करीब आते इस खतरे के बीच एक राहत की खबर भी आपके लिए है। 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों को कोरोना से बचाव का कवच देने के लिए सोमवार से ही टीककारण शुरू हो जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बच्चों को वही डोज लगाई जाएगी जो वयस्कों को लगाई गई है। जिले के 58 हजार 15 से 18 वर्ष के बच्चों को 3 जनवरी से टीका लगेगा। मंत्रालय के मुताबिक, बच्चों को अभी भारत बायोटेक की कोवैक्सीन ही लगाई जाएगी। इसके लिए शुरुआती चरण में 5 केंद्र अस्पतालों में ही बनाए गए हैं। इससे बच्चों की सेहत की पूरी मॉनिटरिंग होगी।
कोविन एप पर वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। स्कूल के आईडी कार्ड या फिर सरकार के द्वारा जारी किसी भी पहचान पत्र के जरिए रजिस्ट्रेशन का आसान तरीका है। किशोरों के टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर आनलाइन या टीकाकरण केंद्र पर आफलाइन दोनों तरह से पंजीकरण कराने की सुविधा होगी। कोविन पोर्टल पर पंजीकरण के लिए वे अपने माता-पिता या अभिभावक की पहले से मौजूद आइडी से लागिन कर सकते हैं या फिर नए मोबाइल से ओटीपी के जरिये भी लागिन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर की रात देश को संबोधित करते हुए बच्चों के टीकाकरण का एलान किया था। मोदी ने कहा था कि देशभर में 3 जनवरी 2022 से 15 से 18 वर्ष के किशोरों को भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा।
इधर अगर वैक्सीनेशन रिकार्ड की बात करें तो वर्ष 2021 में 15 जनवरी से शुरू हुए कोविड टीकाकरण ने सालभर में 97 फीसदी का लक्ष्य पूरा कर लिया है। जल्द ही नए वर्ष में मात्र एक से डेढ़ हफ्ते में ही कोरोना वैक्सीन का जिला अपना 100 फीसदी लक्ष्य पूरा कर लेगा। जिला में कोरोना की पॉजिटिविटी दर कम होकर 4.22 प्रतिशत रह गई है और रिकवरी दर 97.63 प्रतिशत हो गई है। इधर, नए साल के जश्न में रात भर नियम तोड़ने के बाद पहले दिन भी बाजार से लेकर अन्य जगहों पर सोशल डिस्टेंिसंग नियम टूटे हैं।
गांव गढ़ी बलंब में तेजी से कोरोना के केस सामने आए रहे हैं। यहां पर गांव से शनिवार को 17 वर्षीय छात्रा और 35 वर्षीय गृहिणी, 64 वर्षीय गृहिणी, और 64 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इससे पहले 31 दिसंबर को भी 15 वर्षीय छात्रा कोरोना संक्रमित मिली थी।
कोरोना के नए केस में तीन स्टूडेंट भी शामिल हैं। इनमें चार केस ग्रामीण क्षेत्र से तो 8 केस शहरी क्षेत्र से आए हैं। नए केस में सेक्टर-2 के एक ही घर से 52 वर्षीय गृहिणी और 30 वर्षीय महिला बैंक कर्मी हैं। झंग कॉलोनी से 19 वर्षीय बीबीए छात्रा, आर्य नगर से 13 वर्षीय छात्रा, सेक्टर दो से मिल्क डेयरी में काम करने वाला 37 वर्षीय पुरुष, ओमेक्स सिटी से 37 वर्षीय इलेक्ट्रानिक शॉप संचालक, एमडीयू कैंपस में आईसी कॉलेज से 34 वर्षीय महिला, प्रेम नगर से रक्षा कार्यालय से 36 वर्षीय लेखा अधिकारी शामिल हैं।
जिन बुजुर्गों को कोई गंभीर बीमारी है और उन्हें दो डोज लगे हुए 9 महीने पूरे हो चुके हैं। ऐसे बुजुर्गों को डॉक्टरों की सलाह पर तीसरी प्रिकॉशन डोज लगाई जाएगी। इसी तरह की डोज फ्रंट लाइन वर्कर और हेल्थ केयर वर्कर को भी लगाई जाएगी, ताकि उनकी प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सके।
