Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मीडिया कर्मियों को जल्द मिलेगी कैशलेस मेडिकल सुविधा- CM सैनी; हरियाणा यूनियन ऑफ़ वर्किंग जर्नलिस्ट ने सौंपा ज्ञापन

रोहतक, 14 सितंबर । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि मीडिया कर्मियों को कैशलेस मेडिकल सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया चल रही है और इसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा

मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन रविवार को रोहतक दौरे के दौरान हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए राज्य भर के पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की उनकी पूर्व घोषणा को शीघ्र अमल में लाने की मांग की।
मुख्यमंत्री सैनी ने मीडिया कर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान को सराहते हुए उनकी भलाई के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

ज्ञापन में यूनियन ने मुख्यमंत्री को 30 मई को रोहतक में आयोजित वार्षिक अधिवेशन के दौरान किए गए वादे की याद दिलाई। यूनियन ने बताया कि घोषणा के करीब तीन महीने बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, जिससे पत्रकारों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाई है।

यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा हमने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि अधिसूचना शीघ्र जारी की जाए, ताकि कार्यरत पत्रकार भी सरकारी कर्मचारियों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ ले सकें। मीडिया पेशे से जुड़े लोग कई तरह के स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करते हैं, ऐसे में यह सुविधा उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।

यूनियन ने यह भी दोहराया कि मीडिया कर्मियों को भी महंगाई से जुड़ी वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाना चाहिए, जैसा कि सरकारी कर्मचारियों को मिलता है।
कथूरिया ने यह भी कहा कि, “पत्रकार पेंशन योजना के आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाना चाहिए, क्योंकि देखा गया है कि कई आवेदन मुख्यालय स्तर पर लंबित रह जाते हैं।

Exit mobile version