रोहतक जिले में मेयर पद को लेकर भाजपा व कांग्रेस की तरफ से आज उम्मीदवार नामांकन पत्र जमा करवाएंगे। भाजपा उम्मीदवार राम अवतार वाल्मीकि का नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए सीएम नायब सिंह सैनी व पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर मौजूद रहेंगे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल किलोई का नामांकन भरवाने के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंच सकते हैं।
रोहतकवासी ध्यान दें; सुबह अशोक चौंक से कोर्ट तक लग सकता है जाम: लगभग 80 प्रत्याशी करेंगे नामांकन
मेयर पद के लिए भाजपा की तरफ से राम अवतार वाल्मीकि रैली के रूप में नामांकन दाखिल करने के लिए जाएंगे।
भाजपा उम्मीदवार रामअवतार वाल्मीकि दिल्ली रोड पर सुबह 10 बजे हवन के साथ चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर मौजूद रहेंगे। वहीं 12 बजे नामांकन दाखिल करने के लिए निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में जाएंगे, जिसमें,उनके साथ सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व भाजपा के अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस उम्मीदवार सूरजमल किलोई अंबेडकर चौक स्थित कांग्रेस भवन में ही सुबह 11 बजे हवन करके अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद अंबेडकर चौक से सीधे रैली निकालते हुए निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने जाएंगे। तो उनके साथ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, स्थानीय विधायक बीबी बतरा सहित अन्य कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हो सकते हैं।

