रोहतक में परिचित बनकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पीड़िता से बातचीत की और फिर उसके पिता के नाम से पैसे भेजने के लिए कहा। इसके बाद फोन पे से धोखाधड़ी करके 47 हजार 963 रुपए की ठगी कर ली। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई।
रोहतक के कमला नगर निवासी पूजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास किसी अज्ञात का फोन आया। जिसने कहा कि वह शिकायतकर्ता के पिता का जानकार है। उसके पिता ने खाते में 25 हजार रुपए डालने के लिए बोला है। इसकी जानकारी लेने के लिए उसने अपने घर पर फोन किया।
पूजा की मां ने कहा कि उसके पिता का फोन आया था और 20 हजार रुपए भेजने की बात कह रहा था। इसके बाद पूजा ने फोन करने वाले से कहा ठीक है, आप पैसे डाल दें। इसके बाद फोन करने वाले ने उसके फोन पे की जानकारी ली। वहीं फोन पे से लिंक मोबाइल नंबर पर एक मैसेज भेजा और कहा कि पैसे भेज दिए हैं।
फोन करने वाले ने कहा कि यहां से पैसे जा चुके हैं, लेकिन आपके फोन पे वॉलेट में अटक गए हैं। इसके बाद दोबारा से एक मैसेज भेजने के लिए कहा। ताकि पैसे अकाउंट में आ जाएं। इसके बाद एक मैसेज भेजा। जिसमें अकाउंट नंबर का एक लिंक था। सामने वाले ने उस लिंक पर क्लीक करने के लिए कहा।
बताए गए लिंक पर क्लीक करते ही अकाउंट से रुपए ट्रांसफर हो गए। उसने कहा कि सिर्फ 22 हजार 963 रुपए भेजे हैं, इसलिए नहीं निकल रहे। इसके बाद पूजा ने अपनी बहन से 25 हजार रुपए मांगे। इसके बाद एक और लिंक भेजा। जिस पर क्लीक करते ही उसके रुपए कट गए। उसके साथ कुल 47 हजार 963 रुपए की ठगी की गई है। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

