राजस्थान की राजधानी जयपुर के RUHS अस्पताल में हाल ही में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम इन दिनों एक अजीबोगरीब वीडियो के कारण चर्चा में है. दरअसल, सेवा पखवाड़ा के तहत मरीजों को फल और बिस्किट बांटे जा रहे थे लेकिन इस दौरान बीजेपी की एक महिला कार्यकर्ता का ऐसा वीडियो सामने आया जिसने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि महिला कार्यकर्ता मरीज को 10 रुपये का बिस्किट पैकेट थमाती हैं, जैसे ही फोटो खिंच गईं, वह उसी बिस्किट को मरीज से वापस लेकर अपने थैले में रख लेती हैं और आगे बढ़ जाती हैं. इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे ने कैद कर लिया और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.यह सेवा पखवाड़ा श्योपुर मंडल अध्यक्ष गोपाल लाल सैनी द्वारा आयोजित किया गया था. बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस दौरान मरीजों को फल और बिस्किट वितरित किए लेकिन महिला कार्यकर्ता द्वारा बिस्किट वापस लेने का यह ‘नजारा’ चर्चा का केंद्र बन गया है.सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर तंज कस रहे हैं. कई लोग कह रहे हैं कि गरीब और बीमार मरीजों का इस्तेमाल केवल फोटो खिंचवाने के लिए किया गया. वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे ‘मार्केटिंग स्टंट’ करार दिया. यह भी कहा जा रहा है कि सेवा और सहानुभूति दिखाने की बजाय राजनीतिक छवि सुधारने का प्रयास किया गया.जिस महिला मरीज को बिस्किट दिया गया, उसके पास पहले से ही एक पैकेट मौजूद था. बावजूद इसके फोटो खिंचवाने के लिए उसे दोबारा बिस्किट थमाया गया और फिर तुरंत वापस ले लिया गया.इसको लेकर श्योपुर मंडल अध्यक्ष गोपाल लाल सैनी ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर 15 दिन के सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. इसके तहत 23 सितंबर को RUHS अस्पताल में भी मरीजों को फल और बिस्किट वितरण किया गया था.उन्होंने कहा, महिला कार्यकर्ता विनीता जैन ने भी मरीजों को बिस्किट बांटे लेकिन इसी दौरान एक महिला मरीज ने बिस्किट लेने से इनकार कर दिया, क्योंकि उसके पास पहले से एक बिस्किट का पैकेट रखा था. विपक्ष ने उनके इस वीडियो को एडिटिंग करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जबकि फोटो खिंचवाने जैसा कुछ नहीं था.
