चंडीगढ़: हरियाणा सिविल सचिवालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कर्मचारी ने इमारत की 8वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय में तैनात पुलिस कर्मी और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे।
सूचना पर एम्बुलेंस भी बुलाई गई, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान पंचकूला निवासी बलवंत सिंह के रूप में हुई है, जो बिजली निगम में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वह सोमवार सुबह विजिटर पास बनवाकर किसी अधिकारी से मिलने के लिए सचिवालय पहुंचे थे।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
