ट्राइसिटी में 16 जून को कैब ड्राइवरों की पूरी तरह से हड़ताल रहेगी। इस दिन कोई भी कैब ड्राइवर सवारियां नहीं उठाएगा। इसके लिए कैब ड्राइवरों की तरफ से लोगों को अभी से जानकारी देनी शुरू कर दी गई है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आज कैब ड्राइवर मोहाली के सेक्टर-70 में एकत्रित हुए। वहां से गाड़ियों पर पोस्टर और बैनर लगाकर चंडीगढ़ के सेक्टर-17 तक पहुंचे। इस दौरान कैब ड्राइवरों ने जगह-जगह रुककर लोगों को अपनी हड़ताल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 जून को लोग अपना खुद का इंतजाम करके ही घर से निकलें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े
चंडीगढ़ में कैब ड्राइवर सेक्टर 25 के रैली ग्राउंड में अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर बैठे थे। बुधवार को प्रशासक के जनता दरबार में यूनियन के लोगों ने उनसे मुलाकात का प्रयास किया। इस पर पुलिस उन्हें सेक्टर 3 के थाने ले आई और रैली ग्राउंड से टेंट भी हटवा दिए।
चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन और जय मां दुर्गा ऑटो रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कैब ड्राइवर हड़ताल पर बैठे हैं। यूनियन के प्रधान अमनदीप सिंह ने कहा कि हम अपनी मांगों के लिए प्रशासक के जनता दरबार में जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कहा कि बिना अनुमति सचिवालय जाने की इजाजत नहीं दी जा सकती। गवर्नर के आने पर यूनियन के दो प्रतिनिधियों की मुलाकात करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद नेताओं को थाने में ले गई।
उन्होंने मांग की कि 25 रुपये किराए दर को बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलोमीटर किया जाए। पिछले एक वर्षों में सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे चालकों की आय प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हम कैब ड्राइवरों को परेशान कर रहा है। हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हम शांति पूर्वक रैली ग्राउंड में धरना दे रहे थे। पुलिस ने टेंट क्यों हटा दिए जबकि पुलिस ने ही सेक्टर 25 रैली ग्राउंड में जाने को कहा था। अब कहा जा रहा है कि अनुमति नहीं है।
