Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 4 दिन बारिश के आसार:गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी, तापमान में गिरावट, आज रात से बदलेगा मौसम

हरियाणा में अगले 4 दिन 26, 27, 28 और 1 मार्च को बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है। एक पश्चिमी विक्षोभ 25 फरवरी की रात से 26 तक और दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 27 फरवरी से 1 मार्च तक सक्रिय रहेगा।

इस दौरान गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का असर आज सुबह से ही देखने को मिल सकता है। हरियाणा के अधिकतर इलाकों में बादल छाए हुए हैं।

हिसार की बात करें तो यहां सुबह हल्के कोहरे के बीच आसमान में बादल छाए रहे। फरवरी में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। जहां 10 से 13 फरवरी तक तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं महज 13 दिन बाद तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास बना हुआ है। बारिश और ओलावृष्टि से ठंड अचानक बढ़ गई। ऐसे में दो और पश्चिमी विक्षोभ तापमान का संतुलन बनाए रखेंगे।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में एक मार्च तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 25 व 26 फरवरी को राज्य में आंशिक बादल तथा मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। परंतु एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में 27 फरवरी रात्रि से एक मार्च के दौरान हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा की संभावना बन रही है जिससे तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है।

Exit mobile version