Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सूदखोरों से ब्याज पर 5 लाख रुपए ले कर बुरी तरह फंसा चायवाला- अब तक लौटा चुका 10 लाख, फिर भी मारपीट के बाद दी जान से मारने की धमकी

रोहतक जिले में एक चायवाला 2 सूदखोर भाइयों से 10 रुपए सैंकड़ा ब्याज पर 5 लाख उधार ले कर बुरी तरह फंस गया है। अब तक चाय वाला उन भाइयों को कुल 10 लाख लौटा चुका है लेकिन कर्जा है कि उतरने का नाम नहीं ले रहा। जिसके चलते सूदखोरों ने चायवाले के साथ वसूली के नाम पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे डाली।

दोनों एक साल में उससे 10 लाख रुपए वसूल चुके हैं, लेकिन अब भी मूल ऋण ज्यों का त्यों बताते हुए वसूली के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने चायवाले को कार में जबरदस्ती बिठाकर मारपीट की है। उसकी मां के सामने वे कसम भी खा चुके हैं कि उसे गोली मार देंगे।

रोहतक के सांपला निवासी सुनील ने पुलिस को बताया है कि वह चाय की दुकान चलाता है। एक साल पहले सांपला के ही विक्की से 5 लाख रुपए उधार लिए थे। विक्की के भाई सुरेंद्र से भी 15 हजार उधार लिए थे। तब से दोनों भाइयों को ऋण वापसी व ब्याज के तौर पर 10 लाख रुपये से ज्यादा दे चुके हैं।

लेकिन अब भी दोनों भाई मूल ऋण को ज्यों का त्यों बताते हुए वसूली कर रहे हैं। 5 दिन पहले विक्की ने उसे दुकान पर आकर जबरदस्ती अपनी कार में बिठा लिया और मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर काठमंडी रोड पर उतारकर चला गया। मामले में पुलिस ने राजीनामा करा दिया।

शिकायतकर्ता सुनील ने पुलिस को बताया है कि दो दिन पहले आरोपी विक्की और उसका भाई सुरेंद्र उनके घर पर आ धमके। परिजनों से गाली-गलौज के बाद उसने उनकी मां के सामने कसम खाई कि वह उनके बेटे को गोली मार देंगे। आरोपियों से उन्हें और उनके परिवार को खतरा बना हुआ है। वहीं मामले में थाना पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी

Exit mobile version