रोहतक के सांपला में 2 महिलाओं की चेन तोड़ने का मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई जब महिलाएं श्रीमद्भागवत कथा को सुनने के लिए गई थी। इसी दौरान दोनों सहेलियां नाचने लगी तो एक महिला ने मौका पाकर गले से सोने की चेन तोड़ ली। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में महिला मुंह से चेन तोड़कर चोरी करती दिख रही है।
रोहतक के सांपला स्थित वार्ड नंबर 10 महाजन मोहल्ला निवासी सुनीता ने सांपला पुलिस थाना में गले से चेन तोड़ने की शिकायत दी है। उसने शिकायत में बताया कि सांपला की अग्रसैन धर्मशाला में श्रीमत भागवत कथा चल रही थी।
वह 24 अप्रैल को अपनी सहेली सांपला के वार्ड नंबर 11 निवासी रीना के साथ अग्रसैन धर्मशाला में श्रीमत भागवत कथा सुनने के लिए गई थी। कथा के आरंभ में जब वे नाचने लगी तो उनके गले की सोने की चेन नहीं मिली। इसलिए उन्होंने सोचा की नाचते समय गिर गई होगी।
उन्होंने कहा कि इसके बाद अपने स्तर पर तलाश का प्रयास किया। 25 अप्रैल को उन्होंने वीडियो फुटेज चेक की। वीडियो में पाया कि एक महिला उनके गले से चेन चोरी करते हुए दिख रही है। उस महिला ने मौका पाकर मुंह से चेन को खोला और चोरी कर ली। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। सांपला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

