हरियाणा ग्रुप-सी भर्ती को लेकर तीन साल बाद हो रहे कॉमन एलिजिबलिटी टेस्ट (CET) एग्जाम में फिर से रजिस्ट्रेशन पोर्टल नहीं खुलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को यह स्पष्ट किया है।
सीएम ने कहा है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) में CET के रजिस्ट्रेशन में यदि अभ्यर्थियों को रिजर्व कैटेगरी का सर्टिफिकेट जमा करने में दिक्कत आई है, तो वे उम्मीदवार एग्जाम के बाद भी इसे जमा कर सकेंगे।
दरअसल, एग्जाम के रजिस्ट्रेशन से वंचित रहे या रजिस्ट्रेशन के लिए कम समय मिलने के चलते रिजर्व कैटेगरी का फायदा न उठा पाने वाले अभ्यर्थी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचे हैं।
पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में CET एग्जाम को लेकर पहुंचा केस अब लिस्टिंग हो चुका है। संभावना है कि 2 या 3 जुलाई को हाईकोर्ट में इस मामले में पहली सुनवाई हो। इस मामले को लेकर हरियाणा के 6 अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आग्रह किया है कि हरियाणा ग्रुप-सी के CET रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल दोबारा चालू किया जाए। साथ ही जिन्होंने रजिस्ट्रेशन कर लिया है, उन्हें ठीक करने के लिए भी समय दिया जाए।
बता दें कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने यह एग्जाम जुलाई में कराने की तैयारी की है। इसके लिए 13 लाख से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया है। यदि हाईकोर्ट इन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कोई फैसला लेता है तो एग्जाम में देरी हो सकती है।
दूसरी तरफ हरियाणा सरकार ने CET एग्जाम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैयारियों के तहत सरकार अब एग्जाम सेंटर फाइनल करने पर फोकस कर रही है। अब तक की रिपोर्ट के हिसाब से प्रदेश के सभी 22 जिलों के अलावा चंडीगढ़ में भी 1684 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं। इन सेंटरों की जांच के बाद रिपोर्ट मुख्य सचिव को सौंप दी गई है। इन सेंटरों में एक समय में 4.73 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे सकेंगे। ऐसे में दो दिन के दो सत्रों में CET कराई जा सकती है।
HSSC ने भी दो से तीन दिन के सत्रों में परीक्षा कराने की बात मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक में कही थी। खास बात ये है कि अबकी बार एक ही सेंटर के अलग-अलग भवनों में भी एग्जाम कराया जा सकेगा। इससे सुरक्षा की दृष्टि से सही माना जा रहा है, क्योंकि बाहरी सुरक्षा में ज्यादा मैनपावर नहीं लगानी पड़ेगी। यही नहीं हरियाणा के 22 जिलों के अलावा चंडीगढ़ में भी अबकी बार 156 के करीब सेंटर बनाने की योजना तैयार की गई है।
सूत्रों का कहना है कि परीक्षा केंद्र को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन एडवोकेट हिम्मत सिंह जल्द ही मुख्य सचिव के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव जल्द ही बैठक कर तारीख तय कर सकते हैं। इसके साथ ही परीक्षा से 7 दिन पहले केंद्रों पर सीसीटीवी लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

