Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में CET एग्जाम जल्द:HSSC चेयरमैन बोले-कमीशन के पास संशोधित पॉलिसी आएगी, वन टाइम रजिस्ट्रेशन की तैयारी कर रहे

हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) जल्द कराया जाएगा। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के चेयरमैन डॉ. हिम्मत सिंह ने बताया कि कैबिनेट से संशोधित पॉलिसी पास हो चुकी है, जल्द ही कमीशन के पास आ जाएगी। हम नए CET को लेकर कोई डेट तो नहीं बता पाएंगे, लेकिन जल्द ही हम इस पर काम करेंगे।

हिम्मत सिंह ने आगे कहा कि नए CET के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था करने जा रहे हैं। उदाहरण के लिए यदि किसी युवा ने 10वीं की परीक्षा पास की है, तो वह CET के लिए रजिस्ट्रेशन करेगा। इसके बाद जब वह 12वीं पास करेगा, तो सिर्फ उसे अपनी मार्कशीट अपडेट करनी होगी। रजिस्ट्रेशन की कोई जरूरत नहीं होगी।

ग्रुप D की वेटिंग लिस्ट भी जल्द जारी की जाएगी। संभावना है कि जनवरी में ही इसे पब्लिश कर दिया जाए। साथ ही इसी महीने TGT की भी वेटिंग लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

हिम्मत सिंह ने सोमवार को कमीशन का वार्षिक लेखा-जोखा पेश किया। उन्होंने कहा कि हमें पूरे कार्यकाल में 56 वर्किंग डे मिले। इस दौरान हमने 36 हजार युवाओं को नौकरी दी। 2025 का वार्षिक रोजगार कैलेंडर जल्द ही शुरू किया जाएगा। कमीशन जल्द ही जनवरी में अभ्यर्थियों के लिए शिकायत पोर्टल शुरू करेगा। इससे युवाओं को कमीशन आने की जरूरत नहीं होगी।

पोर्टल के जरिए वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा कमीशन के अधिकारियों से जुड़ कर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। कमीशन युवाओं के लिए एकमुश्त समाधान शिविर भी लगाएगा। युवाओं की कोई समस्या कमीशन स्तर पर होगी तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा। शिविर में आने वाले मामलों के समाधान के लिए कमेटी भी बनाई जाएगी।

हिम्मत सिंह ने बताया कि ग्रुप C-D में महेंद्रगढ़ के सतनाली गांव में सिलेक्शन रेट सबसे ज्यादा रहा। कैथल के पाई में दूसरे नंबर पर सिलेक्शन रेट रहा। भिवानी का चांग गांव तीसरे नंबर पर रहा। इसके बाद फतेहाबाद का भूना गांव, झज्जर का दूबलधन, फतेहाबाद का गोरखपुर, हिसार का पाबड़ा, बरवाला, जींद का दनौदा, भिवानी का धनाना और दिनौद का सिलेक्शन रेट अच्छा रहा।

Exit mobile version