Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भिवानी में मनीषा के परिवार से CBI की पूछताछ:17 दिन से जिले में डटी, घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, दिल्ली की FSL टीम जांच में शामिल

भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी टीचर मनीषा की मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई लगातार 17 दिन से भिवानी में डटी हुई है। शुक्रवार को सीबीआई टीम एक बार फिर ढाणी लक्ष्मण पहुंची और मनीषा के परिवार से करीब एक घंटे तक पूछताछ की।

इससे पहले भी सीबीआई परिवार से दो बार पूछताछ कर चुकी है, जिसमें 11 अगस्त से 13 अगस्त तक हुई घटनाओं और मनीषा के बारे में जानकारी ली गई थी।

इधर, सीबीआई ने गुरुवार को सिंघानी में कीटनाशक विक्रेता देवेंद्र से पूछताछ की थी। टीम ने उस जगह पर भी पहुंचकर करीब 20 से 25 मिनट तक छानबीन की, जहां से मनीषा का शव बरामद हुआ था।

टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दिल्ली से एफएसएल टीम को भी जांच में शामिल किया। हालांकि अब तक सीबीआई ने इस मामले में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।

CBI की टीम परिवार से भी कई बार पूछताछ कर चुकी है। मनीषा जिस प्ले स्कूल में पढ़ाती थी, उसके संचालक और स्टाफ से भी पूछताछ की गई और रिकॉर्ड मांगा गया। इसके अलावा, नर्सिंग कॉलेज स्टाफ से भी पूछताछ की गई, जहां एडमिशन लेने का नाम लेकर मनीषा निकली थी। मनीषा का शव देखने वाले चश्मदीद, जिस खेत में शव मिला उसके मालिक, कीटनाशक दवा विक्रेता आदि से भी पूछताछ की जा चुकी है।

मनीषा मौत मामले की जांच CBI को सौंपने के बाद 3 सितंबर को CBI की टीम दिल्ली से इंस्पेक्टर विवेक कुमार के नेतृत्व में भिवानी पहुंची थी। इसके बाद भिवानी पुलिस से मनीषा मौत मामले से संबंधित रिकॉर्ड भी हासिल किया गया। सीबीआई ने मनीषा मौत मामले में दिल्ली में केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। इसके बाद CBI की टीम लगातार छानबीन कर रही है, ताकि मनीषा की मौत के रहस्य से पर्दा उठ सके।

Exit mobile version