Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

टपरीवास विमुक्त प्रकोष्ठ चेयरमैन पर दुष्कर्म का केस: DGP को दी शिकायत- CM का खास बताकर मदद के बहाने रुपए ऐंठे और किया शारीरिक शोषण

हरियाणा में हिसार जिले के हांसी एरिया के एक गांव में रहने वाली 37 साल की विधवा महिला ने टपरीवास विमुक्त जाति प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. बलवान सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि बलवान ने खुद को मुख्यमंत्री का खास बता मदद करने के बहाने उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने शिकायत पर चेयरमैन के खिलाफ दुष्कर्म, पैसे ऐंठने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।

DGP हरियाणा को भेजी शिकायत में हांसी क्षेत्र के गांव की महिला ने बताया कि 10 साल पहले उसके पति की मौत हो गई। उसकी दो बेटियां हैं। पति की मौत के बाद उसने दूसरे युवक के साथ करेपा कर लिया था। पारिवारिक झगड़ों के कारण वह कभी मायके तो कभी ससुराल में रहती थी। इस झगड़ों की शिकायत देने के लिए एक बार जब वह हांसी थाना आई तो उसकी मुलाकात हांसी के धर्मखेड़ी गांव निवासी डॉ. बलवान सिंह से हुई। बलवान फिलहाल रोहतक में रहता है और उसने खुद को मुख्यमंत्री मनोहर लाल का खास बताते हुए मदद करने की बात कहते हुए मोबाइल नंबर ले लिया।

आरोपी इसके बाद लगातार उसके फोन पर संपर्क करने लगा। महिला का आरोप है कि 2020 में बलवान सिंह की उस पर और उसकी बेटी के प्रति गलत नजर हो गई। उसके विरोध पर आरोपी ने कहा कि सरकार में उसकी अच्छी जान-पहचान है। वह दोनों को कहीं नौकरी लगवा देगा। अगर विरोध किया तो दोनों को जेल भिजवा देगा। इसके बाद आरोपी ने उसे झांसे में फंसाकर कई जगह घुमाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला का आरोप है कि 30 सितंबर 2020 को अग्रोहा मेडिकल में उसकी बेटी भर्ती थी। आरोपी वहां आ गया और गाड़ी में ही उससे दुष्कर्म किया। साथ ही हांसी थाने में दर्ज उसकी बेटी के केस में मदद करने के बहाने बलवान सिंह ने उससे करीब डेढ़ लाख रुपए हड़प लिए। महिला के अनुसार आरोपी अब भी लगातार उसे लोगों से धमकियां दिलवा रहा है।

वहीं टपरीवास विमुक्त जाति प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. बलवान सिंह ने खुद पर लगे आरोपों के बारे में कहा कि उसने महिला और उसके परिवार की सिर्फ मदद की है। उन पर लगे सभी आरोप गलत और निराधार हैं।

Exit mobile version