Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अवैध रूप से शराब तैयार करने का मामला : पुलिस और आबकारी विभाग का छापा, खेप बरामद

रोहतक के टिटौली गांव में मकान के अंदर बनाई जा रही शराब की भारी खेप को सीआइए-2 और आबकारी विभाग की टीम ने पकड़ लिया। आरोपित मौके से फरार हो गया, जबकि मकान के अंदर से अवैध शराब की करीब 1500 बोतल, लेबल और खाली बोतले भी बरामद की गई, जिसमें शराब पैक होनी थी।

सीआइए-2 की टीम को सूचना मिली थी कि टिटौली गांव का रहने वाला अमित अपने साथियों के साथ मिलकर घर के अंदर ही अवैध रूप से शराब तैयार करता है। नकली शराब को बोतल में भरकर उस पर लेबल लगाए जाते हैं, जिसके बाद उसे महंगे दामों पर बेचता है। इस पर पुलिस ने अपने साथ आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को भी लिया। जिसके बाद आधी रात के समय मकान पर छापेमारी की गई। मकान का दरवाजा बंद था। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को देखकर हड़कंप मच गया।

आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर मकान की छत से कूदकर फरार हो गया। मकान के अंदर एक महिला मिली। जाे आरोपित की मां थी। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब बरामद की। कुछ शराब बाल्टियों में रखी गई थी, जिसे बोतलों में भरना था। इसके अलावा खाली बोतल, ढक्कन और उन पर लगाने वाले लेबल भी मिले। पुलिस ने शराब और अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया। कुल मिलाकर अलग-अलग मार्का की करीब 1500 बोतल शराब बरामद की हुई। वहीं शराब तैयार करने वाला केमिकल भी मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित अमित काफी समय से इस धंधे में लगा हुआ था, जो नकली शराब बनाकर उसे बेचता था। आरोपित के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है।

जाँच अधिकारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार, प्रभारी सीआइए-2 के अनुसार मकान में छापेमारी कर शराब की भारी खेप पकड़ी गई है, जो अवैध रूप से तैयार की गई थी। आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पता किया जा रहा है कि इस धंधे में और कौन-कौन शामिल है।

Exit mobile version