रोहतक:साढ़े चार साल की बच्ची के साथ कथित बैड टच के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है. बच्ची के परिजनों ने स्कूल में लगे सीसीटीवी की फुटेज में दिखाई दे रहे एक बच्चे को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से जांच की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि “घटना को चार दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की ओर से मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही.”
पीड़ित बच्ची के पिता ने इस मामले में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी अपील की है. पिता का कहना है कि “परिवार को न्याय दिलाने के लिए राहुल गांधी उनके साथ आएं.” उन्होंने पुलिस पर टालमटोल करने और आरोपी को बचाने की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं.
बच्ची के पिता ने निजी स्कूल प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित बच्ची के पिता का दावा है कि “स्कूल का संबंध बीजेपी के एक बड़े नेता के रिश्तेदारों से है, जिसके चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है.” हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मामले को लेकर अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. हुड्डा ने कहा कि “पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और वे परिवार के साथ खड़े हैं.” उन्होंने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में अपराध की घटनाओं को लेकर सवाल उठाए. हुड्डा ने आरोप लगाया कि “प्रदेश में रेप और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है.” उन्होंने दावा किया कि अपराध के मामले में हरियाणा देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है.
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहा बच्चा मामले से जुड़ा है या नहीं. पीड़ित परिवार की मांग है कि सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए.
और लाखनमाजरा थाना पुलिस ने पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है लेकिन पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बचती हुई नजर आ रही है. इसके बाद परिजनों ने पुलिस पर भी इस मामले को रफा दफा करने के आरोप लगाए हैं. हालांकि पुलिस ने इस मामले में एक SIT का गठन किया है जो डीएसपी के नेतृत्व में काम करेगी.
स्कूल प्रबंधन ने मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि “बच्ची के पिता के शिकायत पर पुलिस और परिजनों के साथ लगातार सहयोग कर रहे हैं. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिया गया है. पुलिस जांच कर रही है. स्कूल में अगर कुछ भी गलत हुआ है तो हम लोग पूरी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं.”
