रोहतक के आईएमटी थाना एरिया में सोमवार को सड़क किनारे मिली युवती के शव मामले में मंगलवार को 3 चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं युवती की चैटिंग भी सामने आई है। जिसमें युवती पर आरोपी युवक द्वारा उसके दोस्त से संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। वहीं पुलिस द्वारा दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि युवती के शव का 3 चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया है। चिकित्सकों के बोर्ड ने विसरा (सैंपल) लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि युवती की रेप के बाद जहर देकर हत्या की गई है या प्रताड़ित होकर आत्महत्या की है। वहीं परिवार वालों द्वारा जिन दो युवकों पर शक जताया है। उनसे पूछताछ की जाएगी। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
युवती की इंस्टाग्राम चैटिंग सामने आने के बाद परिवार वालों के अनुसार युवती पर दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया जा रहा था।
युवक : मैने एक बार मिलना है।
युवती : मै ना आऊं।
युवक : तू ना मिले, जिस दिन मिलेगी उस दिन तेरी गेल देख क्या करता हूं।
युवती : मैने जीवन दो। इसके बाद युवक चैटिंग में युवती से अश्लील बातें करने लगा था।
सोमवार सुबह रोहतक की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुरानी सब्जी मंडी थाने में युवती के लापता होने की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि उसकी 19 साल की बेटी रविवार सुबह 7 बजे घर से कहीं चली गई। परिजन उसे इधर-उधर तलाश करते रहे, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करके तलाश आरंभ कर दी। युवती 12वीं कक्षा तक पढ़ी है।
वहीं सोमवार को आईएमटी थाना पुलिस को सूचना मिली कि आईएमटी फेज 3 में सड़क किनारे एक युवती का शव मिला। जिसके बाद आईएमटी थाना प्रभारी दिलबाग सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं एफएसएल टीम मौके पर बुलाया गया। युवती के मुंह से झाग भी आए हुए थी। जिसकी पहचान 19 वर्षीय युवती के रूप में हुई।
