हरियाणा के हिसार के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई से दो करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में एसटीएफ ने 48 घंटे के अंदर आरोपी अशोक को राजस्थान के बीकानेर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। फिरौती मांगने वाला आरोपी अशोक बिश्नोई सिर्फ 23 साल का युवक है। पूछताछ में आरोपी ने अपना आरोप कुबूला है। अशोक बिश्नोई इस घटना से पहले बीकानेर में चोरी के दो मामले में जेल जा चुका है। करीब एक साल पहले उसने बाइक चोरी की थी और उसके बाद एक बस मालिक के घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया था।
अशोक बिश्नोई बीए कर चुका है और फिलहाल एमए की पढ़ाई कर रहा है और खुद को डूंगर कॉलेज में एसएफआई छात्रसंघ का उपाध्यक्ष बताता है। बीते करीब 7 महीने से वह ज्यादातर समय घर से फरार ही रहता है। अशोक के पिता जगदीश गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं।
जानकारी के अनुसार, अशोक बिश्नोई अकसर मुकाम मेले में जाता रहता है। वहीं पर उसने कुलदीप बिश्नोई को टारगेट करके फिरौती मांगने का प्लान तैयार कर लिया था। एक बार में ही मोटा पैसा लेकर वह कुछ बड़ा करने की फिराक में था। बता दें कि 15 फरवरी 2022 को सुबह आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर पत्र भेजा गया, अशोक बिश्नोई के कुलदीप बिश्नोई के ट्विटर अकाउंट सोशल मीडिया से उनका व उनके पीए का नंबर लिया था और फिर उन नंबरों पर धमकी भरे मैसेज भेजे थे। फिरौती ना देने की स्थिति में उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
कुलदीप बिश्नोई ने अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की थी। धमकी पत्र में 19 फरवरी तक फिरौती मांगी गई थी। पत्र में लिखा था कि अगर नोटों की व्यवस्था नहीं होती तो उसकी जगह शुद्ध सोना भी चलेगा। फिर कुलदीप बिश्नोई के PA भूप सिंह तरफ से आदमपुर एसएचओ को शिकायत पत्र सौंपा गया था।
आरोपी अशोक को आज हिसार कोर्ट में पेश करके दो दिन का रिमांड मांगा जाएगा। एसटीएफ ने आगामी पूछताछ के लिए आरोपी को जिला पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एएसआई अनूप सिंह व कृष्ण कुमार, एचसी जयबीर सिंह व रघुबीर सिंह आदि शामिल रहे।
