रोहतक में मृत दिखाकर पेंशन काटने के मामले में 102 वर्षीय बुजुर्ग दुलीचंद की बारात निकालने के बाद अब काफी पीड़ित सामने आ रहे हैं। गांव धामड़ निवासी करीब 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला चमेली के साथ भी ऐसा ही किया गया है। घर पर अकेली रह रहे बुजुर्ग महिला चमेली को मृत दिखाकर पेंशन काट दी।
रविवार को नवीन जयहिंद रोहतक के गांव धामड़ पहुंचे। जहां 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला चमेली को सरकार ने मृत घोषित करके उनकी पेंशन काट दी। नवीन जयहिंद ने कहा कि हरियाणा में इतनी बड़ी उम्र के बुजुर्ग काफी कम बचे हुए हैं। इनको तो हमारे हरियाणा में ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहिए। नवीन जयहिंद ने साथ में बुजुर्ग महिला चमेली के आधार कार्ड, पेन कार्ड, फैमिली आईडी और उनकी बैंक स्टेटमेंट को दिखाकर सरकार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से पूछा कि सरकार के पास इन बुजुर्गों के लिए पैसे नहीं हैं क्या, अगर पैसे नहीं हैं तो सरकार कटोरा उठाकर पूरे हरियाणा में पैसे मांग ले वो भी मिल जाएंगे। बुजुर्ग महिला चमेली की अंतिम पेंशन अप्रैल में आई थी, उसके बाद पेंशन काट दी।

बुजुर्ग महिला चमेली के परिवार में कोई भी नहीं रहता। वे सिर्फ अकेली महिला है। 12 साल पहले उनके पति की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वो अकेली रहती हैं। ये महिला 10 से 12 बार पेंशन बनवाने के लिए ऑफिस के चक्कर काट चुकी हैं। लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ।
नवीन जयहिंद ने बताया कि हरियाणा के अनेक बुजुर्गों ने सीएम विंडो पर भी शिकायत दी, फिर भी कोई समाधान नहीं हुआ। बुढ़ापा पेंशन और फैमिली आईडी के नाम पर पूरे हरियाणा में घोटाला हो रहा है। कभी तो किसी का नाम गलत करते हैं और कभी किसी को फैमिली आईडी में मृत घोषित कर दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि गांव धामड़ निवासी दिव्यांग सकिला भी 2 साल से पेंशन बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। कभी DC कार्यालय तो कभी SDM कार्यालय के धक्के खा रहे हैं। जिनका कोई समाधान नहीं हो रहा है। साथ ही गांव धामड़ के 64 वर्षीय आजाद भी 2 साल से लगातार DC व SDM कार्यालय के चक्कर में काट रहे हैं।
