Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जसिया में गाडी की टक्कर से युवक की मौत का मामला – 1 माह बाद केस दर्ज ; नवंबर में थी मृतक की शादी

रोहतक जिले के गांव जसिया के पास एक युवक की गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के आरोपी गाड़ी चालक की परिजनों ने अपने स्तर पर पहचान एवं तलाश की, जिसके बाद पंचायती तौर पर आरोपी ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। लेकिन अब आरोपी अपने वादे से मुकर रहा है, तो मृतक के पिता ने पु‌लिस को ‌शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मृतक की नवंबर माह में शादी होनी थी, जिसकी तैयारियों में परिजन जुटे हुए थे।

मिली जानकारी के अनुसार रमेश कुमार ने बताया कि वह घिलौड़ कलां का रहने वाला है। उसने गोहाना सब्जी मंडी में फलों की दुकान कर रखी है। उनके 2 बेटे व 1 बेटी है। उसका बड़ा बेटा सुरेंद्र (28) बहादुरगढ़ रिफाइनरी में मजदूरी करता था। वह रोजाना की तरह 23 ‌सितंबर को रिफाइनरी से छुट्टी के बाद वापस लौट रहा था कि तभी रात करीब 9 बजे सुरेंद्र का जसिया पावर हाउस के पास एक्सीडेंट हो गया, जिसे इलाज के लिए पीजीआई भर्ती करवाया गया। वहां उपचार के दौरान 24 सितंबर को उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल का मुआयना किया तो परिजनों को जसिया गांव में देवीलाल पार्क के पास खाद बीज की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और पावर हाउस के कैमरे में हादसा कैद मिला। सीसीटीवी में साफ तौर आरोपी गाड़ी चालक का नंबर कैद हो गया था, जिसे देखकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान आरोपी की पहचान सतेंद्र के रूप में हुई। आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करके परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। दिन बीतते रहे, मगर आरोपी ने कोई आर्थिक सहायता नहीं की, जिस बाबत पंचायत भी हुई। अब आरोपी ने साफ तौर पर आर्थिक सहायता के लिए मना दिया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version