Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में निजी स्कूल के अंदर बच्चे से मारपीट का मामला:एसपी से मिलने पहुंचे माता-पिता, कोआर्डिनेटर व डायरेक्टर पर लगाए आरोप

रोहतक जिले में निजी स्कूल के अंदर मासूम बच्चे के साथ मारपीट करने के मामले में बच्चे के माता-पिता एसपी नरेंद्र बिजारणिया से मिलने पहुंचे। पिता सतेंदर सिंह ने टीचर ज्योति वर्मा, स्कूल कोआर्डिनेटर ज्योति हुड्डा व डायरेक्टर सुरेंद्र फोगाट पर कार्रवाई करने की मांग की।

सतेंदर सिंह ने बताया कि उसकी साढे चार साल की बेटी जसप्रीत निजी स्कूल में पढ़ती है, जिसके साथ स्कूल टीचर द्वारा बार-बार मारपीट की जा रही है। टीचर के खिलाफ स्कूल कोआर्डिनेटर से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एक जनवरी को थाना बहु अकबरपुर में शिकायत दी गई, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई।

सतेंदर ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि मारपीट करने वाली टीचर के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उनके बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया। स्कूल के ग्रुप से भी उन्हें हटा दिया। बच्चों के पेपर चल रहे है, लेकिन उनके बच्चों को पेपर देने नहीं दे रहे। दोनों बच्चे घर बैठे हुए है।

सतेंदर ने बताया कि मामले में सीडब्ल्यूसी को शिकायत दी गई थी, लेकिन सीडब्ल्यूसी भी मामले में सही तरीके से जांच नहीं कर रही। चार बार उन्हें बुलाया गया, लेकिन अब हाथ खड़े कर दिए। सीडब्ल्यूसी अधिकारियों का कहना है कि आप कहीं ओर शिकायत करें। ऐसे में अब एसपी से मुलाकात की है।

सतेंदर ने बताया कि स्कूल में केवल उनके बच्चे के साथ ही मारपीट नहीं हो रही, बल्कि अन्य बच्चों के साथ भी मारपीट होती है। पुलिस को स्कूल में लगे सभी सीसीटीवी की जांच करनी चाहिए। लेकिन स्कूल प्रबंधन की तरफ से जांच को प्रभावित किया जा रहा है। उनके ऊपर शिकायत उठाने का दबाव बनाया जा रहा है।

एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने सतेंदर सिंह को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत पर स्कूल के खिलाफ जांच करवाई जाएगी। मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और निर्दोष को कुछ नहीं कहा जाएगा। जल्द ही स्कूल प्रबंधन से पूछताछ करेंगे। बच्चों का साल खराब होने नहीं दिया जाएगा।

Exit mobile version