हरियाणा के पंजाब बॉर्डर से सटे सिरसा जिले के पास धुंध की वजह से कार और ट्रक की टक्कर हो गई। जिससे कार में सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
वहीं प्रदेश में आज शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक घनी धुंध रही। इसके बाद धुंध छंटनी शुरू हुई। हालांकि पानीपत, करनाल, पंचकूला, रोहतक और शाहबाद में अभी भी हल्की धुंध छाई हुई है।
इससे पहले सुबह करनाल, पानीपत, हिसार के बालसमंद, रोहतक के कलानौर और रेवाड़ी में धुंध के कारण विजिबिलिटी जीरो रही। जबकि बाकी जगह विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर तक रही।
धुंध का असर ट्रेनों पर पड़ा। अजमेर-जम्मू तवी ट्रेन 11 घंटे और जम्मू तवी से अजमेर जाने वाली ट्रेन 8 घंटे देरी से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। धुंध के कारण ड्राइविंग रिस्की हुई। धीमी रफ्तार में लाइटें-डिप्पर जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं।
