दिल्ली से परिजनों के साथ पिंडारा दर्शन करने जा रहे यूएसए की एंबेसी में अफसर की कार ब्राह्मणवास के पास बदमाशों ने लूट ली। युवक ने टॉयलेट के लिए अपनी कार काे हाईवे के किनारे रोकी थी। युवक के अनुसार स्विफ्ट डिजायर कार से आए चार बदमाशों ने पिस्तौल व डंडों के बल पर वारदात को अंजाम दिया है। दिल्ली के नजफगढ़ के वेस्ट गोपाल नगर में रहने वाले पवन कुमार ने बताया है कि वह बुधवार रात अपनी पत्नी, मां व बेटे सहित पिंडारा दर्शन के लिए कार से दिल्ली से चला था।
मकड़ौली टोल को क्राॅस करने के बाद ब्राह्मणवास के पास उसे टॉयलेट लगी। गुरुवार अल सुबह पौने 4 बजे वह टॉयलेट के लिए कार को हाईवे किनारे लगाकर उतरा ही था कि सामने से एक स्विफ्ट डिजायर कार में आए चार बदमाश भी नीचे उतरे। उनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी, बाकी ने डंडे ले रखे थे। पिस्तौल के बल पर आरोपियों ने परिजनों को कार से उतार दिया। इसके बाद कार को लूट कर गोहाना की ओर भाग गए। कार में रखे दो मोबाइल, एटीएम व क्रेडिट कार्ड भी बदमाश ले गए। मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस के बदमाश हाथ नहीं लग सके। मामले में केस दर्ज किया गया है।
पवन ने बताया कि बदमाश कार के साथ दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने जब उन्हें सर्विलांस पर लगाया तो उनकी लोकेशन रोहतक में मिली। शहर में आदर्शनगर, काठमंडी पुल होते हुए रेलवे स्टेशन तक लोकेशन मिलती रही। इसके बाद बदमाशों ने फोन को बंद कर लिया। मामले में जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जयदीप ने बताया कि टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। बदमाशों की तलाश जारी है। वह जल्द ही गिरफ्त में होंगे। कार को बरामद किया जाएगा।

