Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद में राजस्थान नंबर के वाहन की टक्कर से कार पेंटर की मौत: काम पर जाते समय हुआ हादसा, 3 बहनों का इकलौता भाई था संदीप

जींद। नरवाना-धनोरी रोड पर गांव बेलरखां के पास सड़क हादसे में सुंदरपुरा गांव के रहने वाले कार पेंटर संदीप की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से काम पर धनोरी जा रहा था। इसी दौरान एक निजी स्कूल के सामने राजस्थान नंबर के वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल संदीप को नरवाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संदीप की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था और अभी अविवाहित था।

काम पर जाते समय हुआ हादसा

सुंदरपुरा निवासी दलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा संदीप था। संदीप कार पेंटिंग का काम करता था।

3 अक्टूबर को वह मोटरसाइकिल से धनोरी काम पर जा रहा था। हाईवे-52 पर बेलरखां के पास एक निजी स्कूल के सामने राजस्थान नंबर के वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल संदीप को नरवाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। संदीप की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज

नरवाना सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता दलबीर सिंह की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रमेश ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version